Spread the love

अब तक 25 लाख का मशरूका बरामद
गुना । पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के निरंतर खुलासे किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कैंट थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी गिरोह के तीसरे सदस्य को गिरफ्तार कर एक और फार्मट्रैक ट्रैक्टर व ट्रॉली बरामद की है। अब तक इस गिरोह से कुल तीन ट्रैक्टर और दो ट्रॉलियां जब्त की जा चुकी हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख है। प्रकरण की शुरुआत 11 जून 2025 को हुई थी, जब ऊमरी रोड नानाखेड़ी क्षेत्र से एक स्वराज 855 ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हो गई थी। फरियादी टीकाराम राठौर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केंट थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच में तेजी लाते हुए पुलिस ने 22 जून को दो आरोपियों लालू यादव निवासी ग्राम विलास (कैंट) और सुजान सिंह गुर्जर निवासी पृथ्वीपुरा (जावर, झालावाड़) को गिरफ्तार किया था। इनसे चोरी गया एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा राजस्थान से चुराया गया एक महिंद्रा ट्रेक्टर भी बरामद हुआ था।
अब पुलिस ने गिरोह के तीसरे सदस्य संजीव उर्फ भीमा यादव निवासी ग्राम विलास को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से राजस्थान से चुराया गया एक फार्मट्रैक ट्रैक्टर व ट्रॉली भी बरामद की गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि संजीव यादव के खिलाफ पूर्व में दर्ज दो मामलों में गुना न्यायालय से स्थाई वारंट जारी थे, जिनमें लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। इन दोनों प्रकरणों में भी केंट थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। इस सफल कार्रवाई में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक बुंदेल सिंह सुनेरिया, प्रधान आरक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस गिरोह के चौथे फरार सदस्य की भी तलाश में जुटी है और जल्द ही और खुलासे की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *