
पूर्व सीएम पटनायक ने की आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
भुवनेश्वर। ओडिशा में भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) के एडिशनल कमिश्नर की पिटाई मामले में बीजेपी नेता जगन्नाथ प्रधान ने गुरुवार शाम को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। अब तक इस मामले में 6 लोगों की गिरफ्तार किया जा चुका है। बीजेपी नेता प्रधान ने कहा कि वह जांच में सहयोग करने के लिए आए हैं। अगर मेरी गिरफ्तारी से मामला हल हो जाता है तो मैं तैयार हूं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें और उनकी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
बता दें बीजेपी नेता जगन्नाथ प्रधान पर आरोप है कि उनके समर्थकों ने बीएमसी के एडिशनल कमिश्नर रत्नाकर साहू को जनसुनवाई के दौरान दरफ्तर से घसीटा और बाहर लाकर पिटाई की थी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ लोग साहू को गालियां देते और लात-घूंसे मारते दिख रहे थे।
घटना के बाद मीडिया से बातचीत में एडिशनल कमिश्नर साहू ने कहा था कि वह हमलावरों को नहीं जानते हैं। उन्होंने मेरे साथ हाथापाई की और कार में ले जाने की कोशिश की थी। मैं इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दूंगा। वहीं, बीएमसी के अधिकारियों ने ऑफिस परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। पूरे दिन कामकाज नहीं हुआ था। कर्मचारियों की मांग है कि दोषियों की जल्द गिरफ्तार की जाए और सजा दी जाए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक एडिशनल कमिश्नर रत्नाकर साहू के चैंबर में 8 बदमाश घुसे और उनके साथ मारपीट करने लगे थे। बदमाशों ने अधिकारी पर हमला क्यों किया, इसको लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ हमलावरों की पहचान भी कर ली गई है।
ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पर अधिकारी से मारपीट का वीडियो शेयर किया था। उन्होंने लिखा था- मैं यह वीडियो देखकर हैरान हूं। सीनियर अधिकारी को उनके कार्यालय से घसीटकर बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा गया। यह हमला एक बीजेपी पार्षद की मौजूदगी में हुआ। पटनायक ने आगे कहा था कि मैं मोहन चरण माझी से अपील करता हूं कि इस शर्मनाक हमले को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इससे भी ज्यादा जरूरी है कि इस साजिश में शामिल राजनीतिक नेताओं पर भी तुरंत कार्रवाई हो।
