Spread the love

सायबर क्राइम ब्रांच ने पीथमपुर से दबोचा खुद को पुलिस अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट कर वसूली थी रकम
भोपाल। सायबर क्राइम ब्रांच ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट करने के बाद महिला को गिरफ्तारी का डर दिखाकर पांच लाख रुपए वसूलने लगाने वाले गिरोह के एक सदस्य को पीथमपुर से गिरफ्तार किया है। जिस एकाउंट में पीड़िता से रकम ट्रांसफर कराई गई थी, उसकी जानकारी जुटाते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची थी। आरोपी के खाते में भी कुछ पैसे गए थे। एडीसीपी शैलेंद्र सिंह चैहान ने जानकारी देते हुए बताया की सत्यम शिवम परिसर कोलार में रहने वाली अनु वर्मा ने लिखित शिकायत करते हुए बताया था, कि उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। उसने पहला फोन वाट्सएप कॉल के जरिए किया। इस बातचीत में खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए वीडियो कॉल के जरिए अनु वर्मा को बताया कि आपका मोबाइल नंबर अवैध है, तथा उसका इस्तेमाल देश की सुरक्षा से जुड़े अवैध कामों में हुआ है। साथ ही उसने धमकी दी थी, कि आपके नंबर को सीज कर आपको गिरफ्तार भी किया जाएगा। खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले जालसाज की धमकी से अनु वर्मा काफी डर गईं। उनके डर का फायदा उठाते हुए ठग ने उनसे 5 लाख रुपए ऐंठ लिए।

12 घंटे तक रखा था डिजिटल अरेस्ट
ठगों ने फरियादिया को एक फर्जी एफआईआर नंबर भी भेजा था। आरोपियों द्वारा नेशनल सीक्रेट केस बताकर किसी अन्य को बताने से मना किया। फरियादिया को लगभग 12 घंटों तक अकेले ही व्हाटसएप वीडियो काल के माध्यम से डिजीटल अरेस्ट कर रखा गया व धमकी दी गई कि किसी अन्य व्यक्ति को इसके बारे में बताया तो स्थानीय थाने के माध्यम से अरेस्ट करके पुलिस कस्टडी में ले लिया जाएगा। जिसके बाद आरोपियों द्वारा फरियादिया के बैंक खाते में रखें रूपयों को अवैध रकम होना बताकर रूपयों के वेरिफाई करने के लिए भेजने को कहा गया, जो फरियादिया ने बैंक जाकर आरटीजेएस के माध्यम से 5 लाख रूपये उसके बताये बैंक एकांउट में भेज दिए। इस पूरी जालासाजी के दौरान पीड़िता को आरोपियों द्वारा व्हाट्सएप वीडियो काल पर रखा गया।

बैंक खाते की जानकारी से मिला सुराग
सायबर क्राईम जिला भोपाल की टीम ने मामला दर्ज करने के बाद उन सभी बैंक खातों की जानकारी निकालना शुरू की जिनके खाते में अनु वर्मा के बैंक खाते से पैसे गए थे। इसकी जानकारी जुटाते-जुटाते पुलिस धार जिले के पीथमपुर तक पहुंची तथा वहां से आरोपी रविन्द्र सिंह पिता जय सिंह (35) निवासी जिला चुरू राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *