
बालाघाट। जिले के लामता थाना पुलिस ने चोरी का प्रयास, चोरी की तैयारी और गोदाम से धान चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 70 हजार रुपए मूल्य का धान और एक बाइक को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस आरोपियों से चोरी के अन्य प्रकरणों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में लामता निवासी शिवप्रसाद उर्फ शिवा मानिकराम सोनवाने 24 वर्ष, चंद्रभान उर्फ चंदु पिता गुलाब धुपे 18 वर्ष, राहुलि पिता श्यामलाल चिचाम 21 वर्ष, सुमित पिता मानिकराम उईके 18 वर्ष और घुसीटोला भोंडवा निवासी राहुल पिता सुखलाल पंद्रे 20 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 5 लामता निवासी रीता पति गुलाब चंदेले ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जुलाई की रात्रि 2 बजे अज्ञात चोरों ने घर का दरवाजा तोडकऱ चोरी करने का प्रयास किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 331 (4), 62 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया। इसी तरह 2 जुलाई को वार्ड क्रमांक 8 लामता निवासी प्रभुदयाल असाटी 80 वर्ष ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि 1-2 जुलाई की रात्रि में अज्ञात चोरों ने गोदाम में रखे करीब 70 हजार रुपए मूल्य के धान की चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 331 (4), 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया।
एसपी आदित्य मिश्रा, एएसपी बैहर आदर्शकांत शुक्ला, एसडीओपी परसवाड़ा अरविंद शाह के निर्देशन में थाना स्तर पर संयुक्त टीम का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना और सायबर टीम की मदद से संदिग्धों से पूछताछ प्रारंभ की गई। इस दौरान पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में चोरी करने की बात स्वीकार की। जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की धान और एक बाइक को जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस अन्य प्रकरणों के बारे में पूछताछ कर रही है।
