
कमेन्ट में लिखा था “इसकी गर्दन कौन उतारेगा, कमेंट में बताओ”
इन्दौर। सोशल साइट्स पर अमर्यादित और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाला धमकी भरा कमेंट करने वाले आरोपी सूफियान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने हनुमान मंदिर के सामूहिक आरती कार्यक्रम के विडियो पर अपने कमेन्ट में लिखा था “इसकी गर्दन कौन उतारेगा, कमेंट में बताओ।” मामले में हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुमित हार्डिया ने सूफियान के खिलाफ जूनी इंदौर थाने में केस दर्ज कराया था। सूफियान ने यह कमेंट 8 जुलाई को धोबीघाट मैदान स्थित हनुमान मंदिर में हिंदू जागरण मंच द्वारा आयोजित सामूहिक आरती कार्यक्रम के दौरान के विडियो पर किया था।
डीसीपी जोन-4 ऋषिकेश मीणा के अनुसार आरोपी की पहचान सूफियान पिता शोएब अंसारी उम्र इक्कीस साल निवासी खजराना, के रूप में हुई थी और घटना के बाद से ही वह घर छोड़कर फरार हो गया था जिसके चलते उसकी तलाश में पुलिस टीम और साइबर सेल को लगाया गया था। मुखबिर सूचना पर पुलिस ने आरोपी सूफियान को खजराना स्थित उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सूफियान ने पुलिस को बताया है कि वह अपना सोशल अकाउंट देख रहा था, तभी उसकी टाइमलाइन पर हिंदूवादी कार्यकर्ताओं की रील आई और उसमें नारे सुनने के बाद गुस्से में आकर उसने भड़काऊ टिप्पणी कर दी। हालांकि पुलिस को आरोपी के इस बयान पर भरोसा नहीं है और उसके मोबाइल की जांच कर उसके सोशल साइट्स कनेक्शन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह कमेंट किसी सुनियोजित योजना का हिस्सा था या उसने व्यक्तिगत स्तर पर किया था। डीसीपी मीणा ने आम सोशल साइट्स यूजर को चेतावनी देते कहा है कि सोशल साइट्स पर भड़काऊ पोस्ट या कमेंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और शहर में किसी भी प्रकार के सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा देने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं इंदौर पुलिस ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने सोशल साइट्स अकाउंट पर किसी भी तरह की उत्तेजक या भड़काऊ टिप्पणी करने से बचें और यदि कोई व्यक्ति ऐसा करता है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
