पैसे तो ले लिये, वापस करने दे रहे थे तारीख पर तारीख

जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत पुरानी बस्ती सुहागी निवासी एक युवक ने रिश्तेदारों के द्वारा लिये गये उधारी के पैसे वापस नहीं करने से टेंशन में आकर सलफास का सेवन कर आत्महत्या कर ली. मृतक के पास से एक सुसाईड नोट मिला है, जिसमें लिखा है की उसके फूफा व दो अन्य ने उससे रुपये उधार लिये थे और लौटा नहीं रहे थे, पैसों की दिक्कत के कारण मां रोती रहती थी, जो उससे देखा नहीं जाता था. सुसाईड नोट में उसने पुलिस विभाग से आग्रह किया है की मैं मर रहा हूं मेरी मां के पैसे दिलवा देना.
पुलिस ने मृतक की मां और उसके सुसाईड नोट के आधार पर फूफा सहित 2 अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिये उत्प्रेरित करने का मामला दर्ज कर लिया है. दरअसल लगभग एक साल पहले 5 अगस्त 2024 को सुहागी पुरानी बस्ती निवासी 21 वर्षीय अमन पटेल ने सलफास की जहरीली गोली का सेवन कर लिया था. जिससे एमएच हास्पिटल में उसकी मौत हो गई थी. पुलिस करीब 11 महीने से मामले की जांच कर रही थी. इस दौरान मृतक की मां श्रीमती संगीता पटैल ने को बयान दिया की उसके लड़के ने उसे बताया था की रिश्तेदार पैसा वापस नहीं कर रहे हैं, घर की हालत खराब है, टेंशन के कारण उसने सलफास खा ली है. उसे तत्काल ही एमएच हास्पिटल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई.
पंचनामा की कार्यवाही के दौरान पुलिस ने मृतक अमन पटेल के पास से एक सुसाईड नोट भी बरामद किया था, जिसमें लिखा था की फूफा नरेश पटैल, आरती दुबे, सूरज शर्मा ने उससे उधार रूपये ले रखे हैं. पैसे मांगने पर तारीख पर तारीख दे रहे हैं. इसकी वजह से उसकी मां रोज रोती है. जो मुझसे देखा नहीं जाता है. उसने मां से यह कहा की यह सब एक दिन आपके पैसे वापस करेंगे, नहीं तो गरीब की मदद पुलिस करेगी. सुसाईड नोट में यह भी लिखा है की पैसा वापस मांगने पर जब वो कहता था की घर की हालत खराब है, पैसा नहीं मिला तो मर जाउंगा, तो आरोपी कह देते थे मर जाओ पैसा नहीं देंगे.
पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी नरेश पटैल , आरती दुबे, सूरज शर्मा के विरूद्ध धारा 108, 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
