Spread the love

सुप्रा डायग्नोस्टिक का पंजीयन निरस्त, कॉस्मेटिक क्लीनिक सील
जबलपुर। अब्दुल रज्जाक उर्फ पहलवान गैंग पर पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर रज्जाक गैंग को एक और बड़ा झटका लगा, जब रज्जाक के भतीजे अजहर द्वारा संचालित एमआरआई सेंटर सुप्रा डायग्नोस्टिक सेंटर का पंजीयन सीएमएचओ द्वारा निरस्त कर दिया गया उसके साथ ही सेंटर के बगल से चल रहे बिना पंजीयन के चल रहे कॉस्मेटिक हब क्लीनिक को भी सील कर दिया गया| आरोपियों की रिमांड आज खत्म हो रही हैं उसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा, संभव है कि पुलिस उनका रिमांड बढ़ाने का आवेदन कोर्ट में प्रस्तुत कर सकती है|
यहां उल्लेखनीय है कि रज्जाक के भाई मोहम्मद मेहमूद, बेटा मोहम्मद सरफराज और भतीजे अजहर और सज्जाद को गिरफ्तार किया था| इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा गठित सयुंक्त टीम ने 11 जुलाई को राइट टाउन स्थित सुप्रा डायग्नोस्टिक ए यूनिट ऑफ सुप्रा एंटरप्राइजेज का आकस्मिक निरीक्षण किया था तथा यहाँ मध्यप्रदेश रुजोपचार्य गृह एवं रूजोपचार संबन्धी स्थापनाएं (रजिस्ट्रीकरण तथा अनुज्ञापन) अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाये जाने पर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को इसका पंजीयन निरस्त करने की अनुशंसा की थी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय मिश्रा ने जिला प्रशासन द्वारा गठित टीम की अनुशंसा पर सोमवार को आदेश जारी कर तत्काल प्रभाव से सुप्रा डायग्नोस्टिक का पंजीयन निरस्त कर दिया है। आदेश में सुप्रा डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ ही इसके बाजू में अवैध रूप से संचालित कॉस्मेटिक हब क्लीनिक को भी किसी भी प्रकार की चिकित्सा सेवाएं एवं उपचार प्रक्रियाएं तुरंत बंद करने के निर्देश दिये गये हैं।
आरोपियों की रिमांड खत्म, आज पेश होंगे ……..
गत दिवस सिवनी के एक रिसोर्ट में विवाह समारोह के दौरान छापा मारकर पुलिस ने रज्जाक के भाई मोहम्मद मेहमूद, बेटा मोहम्मद सरफराज और भतीजे अजहर और सज्जाद को गिरफ्तार किया था| आरोपियों से पूछताछ में पता चला था कि अजहर ने सुप्रा डायग्नोस्टिक सेंटर में निवेश किया हुआ था जिसके बाद यह भी जानकारी मिली थी कि एक कास्मेटिक हब क्लीनिक भी चल रहा है| उसके बाद पुलिस ने आरोपियों को लेकर उनके घर की सर्चिंग की थी उसके बाद पुलिस को अजहर और सज्जाद के कमरे से एक-एक पिस्टल और एक-एक कारतूस बरामद किए गए थे| पुलिस ने यह भी जानकारी जुटाई है कि फरारी के दौरान आरोपियों ने कहा-कहा फरारी काटी और किस-किस ने उन्हें पनाह दी| पनाहगारों पर भी पुलिस शिकंजा कसेगी|
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को पांच दिन की रिमांड पर लिया था, रिमांड आज खत्म हो रही हैं| आज आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा| आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आगे विधिसम्वत कार्रवाई की जाएगी|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *