Spread the love

बालाघाट। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई बड़ी चोरियों का पर्दाफाश कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर करीब 25 लाख रुपए मूल्य के जेवरात व नगदी बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने इन दो चोरियों का खुलासा करने के लिए 10 टीमों का गठन किया था। 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने से पहले उनका शहर में जुलूस भी निकाला।
पुलिस कंट्रोल रुम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए सीएसपी वैशाली सिंह ने बताया कि ग्रामीण थाना क्षेत्र के कोसमी निवासी पंकज शर्मा के घर 5 जुलाई की रात चोरी हुई थी। इस मामले में गर्रा निवासी नीली उर्फ निलेश पिता भोजलाल पटेल 25 वर्ष निवासी गर्रा, पटेलपारा बिलासपुर छग निवासी राजेश उर्फ छोटू पिता रघुवीर साहू और बालाघाट निवासी राहुल उर्फ गेंडा पिता नैतलाल नागेश्वर 23 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। इसमें राजेश और नीली की गिरफ्तारी मुंबई से की गई है। जबकि राहुल को बालाघाट से ही गिरफ्तार किया है। सीएसपी ने बताया कि राजेश साहू कुछ दिन पूर्व ही अपनी पत्नी का प्रसव कराने के लिए बालाघाट आया था, जहां उसकी जान-पहचान नीली उर्फ निलेश से हुई। बाद में इन दोनों की पहचान राहुल उर्फ गेंडा से हुई। राहुल 23 मई को ही जेल से छुटकर बाहर आया है। इसके बाद तीनों ने मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि राजेश का पत्नी का मायका मुंबई का है, जिसके चलते घटना को अंजाम देने के बाद राजेश और नीली मुंबई चले गए थे।
इसी तरह कोतवाली थाना क्षेत्र में 25-26 जून की रात भटेरा निवासी गायत्री पटेल के घर चोरी की वारदात हुई थी। मामले में बूढ़ी निवासी पंकज पिता सुनील पटले 26 वर्ष, भटेरा चौकी निवासी सुदत्त उर्फ सौरभ पिता जितेंद्र बंसोड 21 वर्ष, इंदिरा नगर निवासी पप्पू उर्फ पलाश पिता राजेश तेजी 27 वर्ष, रजा नगर निवासी रेहान पिता आबिद खान 19 वर्ष और गौस नगर निवासी आमिर पिता मेहबूब खान 27 वर्ष को पकड़ा गया है। पुलिस ने इन पांचों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की है।सीएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकार्डों को निकाला गया है, जिसके आधार पर चालान भी पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *