Spread the love

मंगेतर और उसके परिजनों पर किया था जानलेवा हमला
बालाघाट। वारासिवनी थाना पुलिस ने विवाह प्रस्ताव टूटने से नाराज युवक द्वारा युवती और उसके परिजनों पर किए गए हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान धनेंद्र उर्फ सोनू पिता कोमलचंद्र ठाकरे 28 वर्ष निवासी सांवगी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चाकू, लाठी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को आरोपी धनेंद्र ठाकरे ने ग्राम बुदबुदा निवासी युवती सीमा राणा के घर में घुसकर चाकू से हमला किया था। बचाव के लिए आए पिता बस्तीराम राणा पर भी चाकू से वार कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने घर में मौजूद 90 वर्षीय वृद्धा और तीन वर्षीय बच्चे पर भी लाठी से हमला कर दिया था। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया था। पीडि़ता की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 109 (1), 332 (बी) बीएनएस के तहत मामले को विवेचना में लिया।
तीन टीमों के प्रयास, तकनीकी मदद से मिली सफलता
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदलता रहा। पुलिस ने मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र राज्य के कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन वह फरार होने में सफल हो गया था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया था। टीम के प्रयास और तकनीकी सहायता व मुखबिर की सूचना पर आरोपी को ग्राम शेरपार के पास से गिरफ्तार किया गया।
विवाह प्रस्ताव टूटने पर था नाराज
आरोपी ने पुलिसिया पूछताछ में बताया कि वह युवती से विवाह प्रस्ताव टूटने से नाराज था, जिसके चलते उसने बदला लेने की नियत से युवती और उसके परिजनों पर हमला किया था। पीडि़ता ने भी पुलिस को बयान दिया था कि आरोपी पूर्व परिचित है, विवाह प्रस्ताव टूटने के बाद से वह लगातार परेशान कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *