आवागमन में परेशानी की शिकायत पर हुई त्वरित कार्यवाही
बालाघाट। शहर में नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाती है किंतु वार्ड के भीतर भी नाले-नालियों पर अतिक्रमण कर जल निकासी को बाधित किया जाता है उस पर भी संबंधितों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत देते हुए कार्यवाही कर व्यवस्थ को सुचारू किया जाता है। शहर के वार्ड क्रमांक 7 मरारी मोहल्ले में एक व्यक्ति के द्वारा किये गये अतिक्रमण की शिकायत वार्डवासियों ने की थी जिसपर 29 जुलाई को नपा बालाघाट के राजस्व एवं नियोजन विभाग की टीम के द्वारा मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाते हुए मार्ग को सुचारू किया गया।

नगरपालिका में मरारी मोहल्ला वार्ड नं.7 के शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया था कि आने-जाने की गली में सामान रखकर यहां से आवाजाही को बाधित किया जा रहा है जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस शिकायत पर कार्यवाही करने के लिये नपा के नियोजन एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिसमें कार्यालय अधीक्षक वाचस्पति त्रिपाठी, इंजि. शील भालेराव, चंद्रेश खेड़े, सुरेश वट्टी सहित अन्य नपा कर्मियों ने अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की। इस गली में रखी गई लकड़ी की बल्लियां, सेट्रिंग एवं अन्य सामान को हटाकर साफ किया गया और इस मार्ग को आवाजाही के लिये सुचारू कर दिया है। इस कार्यवाही के बाद शिकायतकर्ता एवं अन्य वार्डवासियों ने राहत महसूस की है।
नपा सीएमओ बीडी कतरोलिया ने राजस्व एवं नियोजन विभाग की टीम को निर्देशित किया है कि शहर में जहां कहीं भी अतिक्रमण से जुड़ी समस्याएं आ रही है उनका त्वरित रूप से समाधान किया जाये। नाले-नालियों पर जमे अतिक्रमण को सख्ती से हटाया जाये। ताकि जल निकासी हो सके। उन्होंने आदेश में कहा है कि जहां कहीं भी मार्ग को बाधित करके अतिक्रमण एवं अवैध कब्जा किया गया है और वार्डवासियों को आने-जाने में समस्या हो रही है शिकायतें आने पर विभागीय टीम से परीक्षण कराने के उपरांत मार्ग की बाधाओं को हटाने की कार्यवाही गंभीरतापूर्वक की जायेगी।
