
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 24 लोगों पर लगा 7800 रुपए का जुर्माना
कटनी। नागरिकों को सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम व यातायात विभाग द्वारा संयुक्त कार्यवाही की गई। मंगलवार को की गई कार्यवाही में नगर के मुख्य मार्गो सुभाष चौक, झंडा बाजार के अस्थाई अतिक्रमण को हटाते हुए 3 हजार 500 रुपये का जुर्माना किया गया । वहीं मिशन चौक से जगन्नाथ चौक तक नो पार्किंग में वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने वाले 24 लोगों पर 4 हजार 300 रुपये की चालानी कार्यवाही भी की गई है। अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेन्द्र सिंह ने इस संबंध में बताया कि संयुक्त अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्गो के फुटपाथ व दुकानों के बाहर अस्थाई अतिक्रमण करने वाले व अव्यवस्थित रूप से वाहन खड़ा कर आवागमन को बाधित करने वाले लोगों पर कुल 7 हजार 800 रुपए की चालानी कार्यवाही की गई है।
उल्लेखनीय है कि महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी तथा निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे द्वारा नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से अतिक्रमण विभाग को रोजाना अभियान चलाकर सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए है। जिसके अनुपालन में निगम की अतिक्रमण टीम द्वारा नगर के मुख्य मांगों पर अभियान चलाकर दुकान के आगे फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों, हाथ ठेला चालक सहित आवागमन को बाधित करने वाले अन्य जनों को सख्त हिदायत देते हुए निरंतर जुर्माने की कार्यवाही की जा रही है।
