Spread the love

मकान में रहने वाले दंपति की हालत गंभीर, जिला चिकित्सालय में कराया गया भर्ती
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के मालबर्वे गांव में एक दुखद हादसा सामने आया है जिसमें रात के समय परिवार के सदस्य जब सो रहे थे तो जहरीली गैस की चपेट में आने से परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। जबकि इसी परिवार की दंपति घायल हैं इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि परिवार जिस मकान में रहता था उस कमरे में गेंहू में डालने वाली कीटनाशक दवा रखी हुई थी उस दवा से जहरीली गैस का रिसाव हुआ जिसके कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
जहरीली गैस की चपेट में आए चार सदस्य-
बताया जाता है कि मालबर्वे निवासी गिर्राज धाकड़ (उम्र 30) ने तीन दिन पहले घर के एक कमरे में रखे गेहूं में कीटनाशक दवा रखी थी। ऐसी आशंका है कि गेंहू में डालने वाली इस कीटनाशक दवा गैस बनी और रात जब गिर्राज अपनी पत्नी पूनम (28) और दो बच्चों अधिक (उम्र 3) व मानवी (उम्र 5) के साथ उसी कमरे में सोए, तो चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने अधिक धाकड़ को रात में जिला अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं मानवी की मौत गांव में ही हो गई। गंभीर हालत में पति-पत्नी को पहले पोहरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की-
इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। भटनावर चौकी प्रभारी सीमा धाकड़ ने बताया कि मृतक बच्चों का पीएम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टि यह लग रहा है कि गेहूं में रखी दवा से बनी जहरीली गैस बनी है। फिलहाल हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *