
बारिश में फिसलन और रफ्तार बनी हादसे की वजह
जबलपुर। बुधवार सुबह अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित इंडस्ट्रियल एरिया रिछाई में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोका-कोला कंपनी के कर्मचारियों को लेकर फैक्ट्री जा रही बस क्रमांक एमपी 20 पीए 1883 और एक भारी ट्रक क्रमांक यूपी 94 टी 8657 में आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में बस सवार लगभग 35 कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए मेट्रो अस्पताल और अन्य नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। घटना के वक्त इलाके में भारी बारिश हो रही थी, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो गई थीं। दोनों वाहन तेज गति में थे, और इस वजह से ड्राइवर अपने-अपने वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ कर्मचारियों को सिर, छाती और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें विशेष देखरेख में रखा गया है।
अधारताल थाना प्रभारी ने बताया हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बारिश और तेज रफ्तार को जिम्मेदार माना जा रहा है, लेकिन यह भी जांचा जा रहा है कि कहीं वाहन चालकों की लापरवाही तो कारण नहीं बनी। फिलहाल ट्रक और बस दोनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है और चालकों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुर्घटना के बाद का दृश्य साफ नजर आ रहा है। वीडियो में घायल कर्मचारी, क्षतिग्रस्त वाहन और राहत कार्य करते पुलिसकर्मी दिख रहे हैं।
