Spread the love

दमोह में कल्लू रैकवार की हत्या प्रकरण में उसके खिलाफ धारा 302 आईपीसी का केस हुआ था

जबलपुर। माढ़ोताल थानांतर्गत कल सुबह पाटन रोड स्थित हनुमान मंदिर से दर्शन कर लौट रहे हत्या के मामले में जमानत पर छूटे एक युवक पर मोटरसाइकिल लेकर खड़े तीन लोगों ने कट्टे से फायर कर दिया। घटना में युवक को हाथ, कमर व शरीर के अन्य भागों में छर्रे लगे हैं। हमलावरों की पतासाजी की जा रही है। घायल युवक को इलाज के लिए विजयनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माढ़ोताल थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि कल घायल को उपचार हेतु स्वास्तिक अस्पताल विजयनगर में भर्ती कराये जाने पर पहुंची पुलिस को घायल रेवा नगर निवासी शिवा रैकवार ने बताया कि यह दो वर्षों से रेवा नगर में परिवार समेत रह रहा है और सब्जी मंडी जबलपुर में आड़तिया का काम करता है। शिवा ने बताया कि जब वह सुरेश मोहल्ला दमोह में रहता था। इसी दौरान कल्लू रैकवार की हत्या हुई थी। इस प्रकरण में उसके खिलाफ धारा 302 आईपीसी का केस हुआ था। शिवा जमानत पर छूटा है वहीं केस न्यायालय में चल रहा है। कल सुबह लगभग 11.30 बजे शिवा पाटन रोड स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन कर वह युवराज मार्बल से होते हुए घर जा रहा था। इस बीच शिवा मोहल्ले के अभय किराना में सामान लेने रुका था। फिर स्कूटी से घर जा रहा था। रेबा कालोनी मोड़ पर मोटरसाइकिल लेकर खड़े 2-3 लोगों ने शिवा पर कट्टे से फायर कर दिया। घटना में शिवा के हाथ, कमर व अन्य भागों में छर्रे लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *