Spread the love

रामपायली पुलिस ने की कार्यवाही
बालाघाट। रामपायली थाना पुलिस ने खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर गैर इरादतन हत्या करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी लोकेश पिता मोहनलाल मसखरे 28 वर्ष ग्राम डोंगरमाली निवासी बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि 1 जुलाई की शाम को लोकेश मसखरे ग्राम सेलोटपार से साकड़ी के बीच नाले के पुल पर तेज रफ्तार से लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान बुदबुदा निवासी अनिल बरले अपनी बाइक से ग्राम साकड़ी जा रहा था, जो वाहन की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद लोकेश मसखरे मौके से फरार हो गया। लोकेश के खिलाफ पुलिस ने धारा 105 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार लोकेश मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ राज्य में लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। लेकिन इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लोकेश अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए डोंगरमाली पहुंचा है। सूचना के आधार पर रामपायली थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप मौर्य के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। डोंगरमाली में दबिश दी गई। जहां से लोकेश को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *