
पुलिस ने दविश देकर लॉज के कमरे में हारजीत के दाव लगा रहे 5 जुआरियों सहित लॉज मैनेजर पर की कार्यवाही
जुआरियों से 16,000 नकद रुपए, मोबाइल व तास की गड्डी जप्त
गुना । गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न अवैध अथवा अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, कारोबारियों, तस्करों आदि पर निरंतर प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमति दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में जिले के धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कटारे और उनकी टीम द्वारा जुए के विरूद्ध एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है, जिसमें रूठियाई में एक लॉज मैनेजर के संरक्षण में लॉज के बंद कमरे में जुआ खेल रहे 05 जुआरियों सहित लॉज मैनेजर के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की गई है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिनांक 02 अगस्त 2025 की शाम जिले के धरनावदा थाना अंतर्गत रूठियाई स्थित श्री खाटू श्याम लॉज के कमरा नंबर 104 में कुछ व्यक्तियों के ताश पत्तों से रूपयों और मोबाइल की बाजी लगाकर जुआ खेले जाने की सूचना मुखबिर से रूठियाई चौकी पुलिस को प्राप्त हुई थी । क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना को गंभीरता से लेकर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कटारे द्वारा चौकी से तत्काल पुलिस की एक टीम गठित कर जुआरियों पर कार्यवाही हेतु रवाना की गई । टीम द्वारा बिना कोई देरी किये तुरंत मुखबिर की बताई लॉज में दबिश दी गई और लॉज के कमरा नंबर 104 में छिपकर सुनने पर अंदर से ताश पत्तों पर बाजी लगाने की आवाजें स्पष्ट सुनाई दीं । इसके बाद पुलिस एकदम से कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंची तो कमरे में 05 व्यक्ति तास पत्तों से रुपये और मोबाइलों से हारजीत के दाव लगाकर मांग पत्ती का खेल खेलते मिले तथा 01 अन्य व्यक्ति पास में खड़ा हुआ था जिसने स्वयं को लॉज का मैनेजर बताया । पूछताछ पर जुआरियों ने अपने नाम 1. चन्दन सिंह पुत्र मांगीलाल धाकड़ उम्र 35 साल निवासी ग्राम टोड़रा थाना जामनेर, 2. चन्द्रमोहन धाकड़ उम्र 50 साल निवासी ग्राम विजयपुर, 3. बंकेश पुत्र हरिनारायण धाकड़ उम्र 29 साल निवासी ग्राम विजयपुर, 4. मनोज पुत्र नानकराम रजक उम्र 25 साल निवासी ग्राम जामनेर व 5. विष्णु पुत्र हरिनारायण बैरागी उम्र 38 साल निवासी ग्राम रघुनाथपुरा थाना धरनावदा के होना बताये एवं लॉज मैनेजर ने अपना नाम गुंजन पुत्र देवेन्द्र चंदेल उम्र 19 साल निवासी श्यामनगर रुठियाई का बताया । पुलिस ने मौके व जुआरियों से 16,000/- नकद रूपये एवं 05 मोबाइल फोन कीमती 80,000/- रूपये सहित तास की एक गड्डी तथा श्री खाटू श्याम लॉज का एंट्री रजिस्टर कुल कीमती 96,000/- रूपये का मशरूका विधिवत जप्त किया जाकर उक्त सभी 06 आरोपियों के विरुद्ध धरनावदा थाने में अप.क्र. 183/25 धारा 3/4 जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्यवाही की गई ।
गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशों पर गुना पुलिस द्वारा समाज में जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्त कार्यवाहियां की जा रही हैं । पुलिस की आमजन से अपील है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि के नजर अथवा संज्ञान में आने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें और गुना पुलिस के अपराध मुक्त जिला बनाने के अभियान में सहभागी बनें । जुए के विरूद्ध धरनावदा थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कटारे के कुशल नेतृत्व में प्रधान आरक्षक देवेन्द्रपाल सिंह सिकरवार, आरक्षक सत्येन्द्र सिंह गुर्जर, आरक्षक धर्मेन्द्र धाकड़ एवं आरक्षक सुंदर रामन की सराहनीय भूमिका रही है ।
