
भोपाल में प्रदेश कांग्रेस करेगी सबूत के साथ खुलासा
भोपाल। फर्जी मतदाताओं के माध्यम से पूरे चुनाव को चोरी कर लेने के लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आरोप से इस समय राजनीतिक हडक़ंप मचा हुआ है। इस हडक़ंप के बीच में अब मध्यप्रदेश में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में किस तरह से वोट की चोरी की गई, इसका खुलासा होने जा रहा है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 13 अगस्त को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई है।
हाल ही में राहुल गांधी ने कर्नाटक और महाराष्ट्र में पिछला लोकसभा चुनाव जनमत के विरुद्ध काम करते हुए चुनाव आयोग की मदद से भाजपा द्वारा चुराए जाने के आरोप लगाए हैं। यह आरोप खासतौर पर आने वाले दिनों में होने वाले बिहार विधानसभा के चुनाव को ध्यान में रखते हुए सामने लाए गए हैं। पिछले कुछ दिनों के अंदर राहुल गांधी द्वारा जिस तरह से एक के बाद एक प्रजेंटेशन देते हुए तथ्य सामने रखे गए हैं, उससे राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। इसी बीच कल ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार द्वारा भी इन आरोपों का समर्थन कर दिया गया है। चुनाव में वोट चुराकर सत्ता को हासिल करने का आरोप भाजपा पर लगाया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर गूंज रहे इन मामलों की अगली कड़ी के रूप में बुधवार के दिन मध्यप्रदेश में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में किस तरह से वोटो की चोरी की गई, इसका खुलासा कांग्रेस करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि 13 अगस्त को भोपाल में प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से पिछले चुनाव में हुई वोटो की चोरी को उजागर किया जाएगा। पटवारी ने यह जानकारी सुबह अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए दी। इस ट्वीट में उन्होंने कहा है कि भारत में लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की साजिश करने वालों के कार्यों का खुलासा करना आवश्यक हो गया है। इसी के चलते हुए मध्यप्रदेश में भी यह खुलासा किया जाएगा।
