
पुणे। बुधवार सुबह पुणे में हेलीकॉप्टर क्रैश होने से दो पायलट तथा एक इंजीनियर की मौत होने की खबर सामने आई है. ये हादसा पुणे के बावधान बुद्रुक गांव इलाके में पहाड़ पर हुआ है. मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी है. बताया गया है कि ऑक्सफोर्ड गोल्फ क्लब के हेलीपैड से मुंबई की दिशा में उड़ान भरने के तुरंत बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. घटना बुधवार सुबह करीब सवा सात बजे हुई. घने कोहरे के कारण दुर्घटना होने का अंदेशा है. हालांकि हादसे की सटीक जानकारी के लिए आधिकारिक जांच चल रही है. आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव कार्य जारी है. हिंजवडी पुलिस स्टेशन (पिंपरी चिंचवड़ पुलिस) और विमानन अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. आपको बता दें कि इससे पहले अगस्त महीने में भी पुणे में हेलिकॉप्टर क्रैश होने की घटना सामने आई थी. जिसमें चार लोग घायल हो गए थे. मुंबई के जुहू से हेलिकॉप्टर ने हैदराबाद की ओर उड़ान भरी थी. इस दौरान पुणे के पौड इलाके में खराब मौसम और तकनीकी खराबी के चलते हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया था. हादसे का शिकार हुआ हेलीकॉप्टर निजी कंपनी ग्लोबल वेक्टरा हेलिकॉर्प का था. इस हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल छोटी दूरी की यात्रा के लिए होता था.
