Spread the love

कारोबारी का आरोप-बिजनेस के नाम पर लिया पैसा निजी खर्चों में किया इस्तेमाल
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर मुंबई के एक कारोबारी ने 60 करोड़ की ठगी का मामला दर्ज कराया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला उनकी बंद हो चुकी कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है, जिसे शिल्पा और कुंद्रा ने बिजनेस बढ़ाने के नाम पर लिया और कथित तौर पर निजी खर्चों में इस्तेमाल किया
रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतकर्ता का आरोप है कि 2015 से 2023 के बीच उन्होंने कपल को 60.48 करोड़ दिए। शिकायतकर्ता के मुताबिक वह 2015 में एजेंट राजेश आर्या के जरिए शिल्पा और कुंद्रा से मिले थे। उस समय ये दोनों ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म बेस्ट डील टीवी के डायरेक्टर थे और शिल्पा के पास कंपनी के 87 फीसदी से ज्यादा शेयर थे। उन्होंने बताया कि एजेंट राजेश ने कंपनी के लिए 75 करोड़ का लोन 12 फीसदी सालाना ब्याज पर मांगा था, लेकिन ज्यादा टैक्स से बचने के लिए राजेश ने सलाह दी कि इस रकम को “निवेश” के रूप में दिया जाए। इसके बाद एक बैठक हुई और समय पर पैसा लौटाने के वादे के साथ डील फाइनल हो गई। अप्रैल 2015 में शिकायतकर्ता दीपक कोठारी ने पहली किस्त के तौर पर 31.95 करोड़ ट्रांसफर किए, लेकिन टैक्स से जुड़ी समस्या बनी रही।
इसके बाद सितंबर में दूसरी डील हुई। शिकायतकर्ता का दावा है कि जुलाई 2015 से मार्च 2016 के बीच उन्होंने 28.54 करोड़ और ट्रांसफर किए। 3.19 लाख स्टांप ड्यूटी समेत उन्होंने कुल 60.48 करोड़ शिल्पा-कुंद्रा को दिए। उनका आरोप है कि अप्रैल 2016 में शिल्पा ने पैसा लौटाने को कहा था और पर्सनल गारंटी भी दी, लेकिन रकम वापस नहीं की। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्हें कंपनी पर 1.28 करोड़ के इनसॉल्वेंसी केस की कोई जानकारी नहीं थी, और उनके बार-बार पैसे लौटाने के अनुरोध पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत में कोठारी ने आरोप लगाया कि 2015 से 2023 के बीच कपल ने सुनियोजित साजिश के तहत बिजनेस विस्तार के नाम पर पैसा लिया और उसे निजी खर्चों में इस्तेमाल किया। पहले यह केस जुहू पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और जालसाजी के तहत दर्ज हुआ था, लेकिन 10 करोड़ से ज्यादा की रकम होने के कारण इसे ईओडब्ल्यू को सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *