Spread the love

इन्दौर। एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कॉलेज बस ने एक बाइक सवार युवक, दो छात्राओं, ऑटो और कार को जोरदार टक्कर मारी जिसमें एक युवक और एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक अन्य छात्रा और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए क्लॉथ मार्केट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा मल्हारगंज थाना क्षेत्र के अंतिम चौराहे पर आज शाम साढ़े चार बजे के करीब हुआ। मल्हारगंज थाना पुलिस के अनुसार हादसे में मृतक युवक का नाम एकांश पांड्या उम्र तैंतीस साल निवासी बड़ा गणपति तथा छात्रा मानसी श्रीवास पिता अजय उम्र सोलह साल निवासी हुकुमचंद कॉलोनी है। एकांश सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और बाइक पर अपनी मां के लिए दवाई लेने मेट्रो अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान बस ने उन्हें टक्कर मारी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई उनकी एक 3 साल की बेटी है। वहीं मृतक छात्रा मानसी क्लॉथ मार्केट स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। पिता अकाउंटेंट है। मानसी का एक छोटा भाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस पर मेडीकेप्स यूनिवर्सिटी लिखा है और घटना के वक्त उसकी रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद लोगों ने बस को रोक पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा के अनुसार बस चालक नशे में था या नहीं, इस संबंध में जांच कर बस की फिटनेस की जांच भी की जा रही है। वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने निकाल लिए हैं जिसमें पूरा हादसा रिकार्ड हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *