Spread the love

तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस ने की कार्यवाही
बालाघाट। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 244 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं शराब की तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने तीनों ही मामलों में धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपी आदित्य मिश्रा ने अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन के मामले में कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत 24 अगस्त को पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यवाही की है।
1 लाख 14 हजार रुपए मूल्य के शराब की तस्करी
चांगोटोला थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बालाघाट-नैनपुर मार्ग पर शराब की तस्करी किए जाने की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने नैनपुर मार्ग पर चौपहिया वाहन क्रमांक सीजी 10 एचयू 8999 को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में रखी 1 लाख 14 हजार रुपए मूल्य की 129 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की। कार्यवाही के दौरान आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने वाहन को भी बरामद कर लिया है।
बाइक से कर रहा था शराब का परिवहन
इसी तरह ग्रामीण थाना नवेगांव पुलिस ने शराब के अवैध परिवहन के मामले में देशी-विदेशी शराब जब्त कर नीली उर्फ नीलेश पिता भोजलाल पटले 25 वर्ष निवासी गर्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 307 पाव देशी प्लेन शराब (55 लीटर) और परिवहन में प्रयुक्त बाइक को जब्त किया है।
60 लीटर कच्ची शराब जब्त
लालबर्रा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर खारी व मिरेगांव के बीच कार्यवाही करते हुए अवैध कच्ची शराब को जब्त किया है। इस मामले में विवेक उर्फ राजा पिता अंतराम धुर्वे 20 वर्ष निवासी तुमड़ीटोला मगरदर्रा को गिरफ्तार किया है। वहीं शराब की तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *