प्रेमिका ने दर्ज कराया था दुष्कर्म का मामला

प्रेमिका ने घर में घुसकर किया हंगामा, इसके बाद फांसी पर झूल गया युवक
भोपाल। पुराने शहर के टीला जमालपुरा थाना इलाके में रहने वाले एक युवक ने शनिवार-रविवार रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसके खिलाफ करीब एक महीने पहले उसकी प्रेमिका ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किये जाने का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में एक दिन पहले ही युवक को हाई कोर्ट से जमानत मिली थी, और भोपाल जेल से उसकी रिहाई हुई थी। हादसे से पहले प्रेमिका ने उसके घर में घुसकर जमकर हंगामा किया था। इसके बाद युवक ने फांसी लगा ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये मर्चूरी भेज दिया था, जहॉ से रविवार दोपहर को शव परिवार वालो को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इलाके के पुतलीघर पर रहने वाला फैजान हुसैन (25) टीलाजमालपुरा में चाय-नाश्ते की होटल चलाता था। 22 वर्षीय एक युवती ने पिछले महीने फैजान के खिलाफ शिकायत करते हुए बताया था की जब वह नाबालिग थी, उस समय से आरोपी फैजान उसे शादी का वादा कर शारीरिक शोषण कर रहा था। लेकिन बाद में उसने शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर फैजान के खिलाफ दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट की धाराओ में मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। शुक्रवार को हाईकोर्ट से जमानत का लाभ मिलने पर वह जेल से बाहर आया था। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात फैजान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट या अन्य सुराग नहीं मिला है, जिसके कारण आत्मत्या का सही कारण साफ नहीं हो सका है। वहीं मृतक फैजान के परिवार वालो का आरोप है, कि जिस लड़की ने फैजान के खिलाफ ज्यादती का प्रकरण दर्ज कराया था। बाद में उसने राजीनामा करने के ऐवज में पांच लाख रुपए लिए। उसके राजीनामा करने के बाद ही फैजान की जमानत हुई। परिजनो का कहना है कि जेल से रिहा होकर वह शुक्रवार रात को घर आया था। इसके बाद शनिवार सुबह दुष्कर्म का मामला केस दर्ज कराने वाली युवती एक अन्य महिला के साथ उनके घर आई और उसने फैजान को फौरन ही शादी करने की बात कहते हुए मारपीट की और फिर धमकी देते हुए घर से चली गई। बाद में वह दोबारा घर आकर हंगामा करने लगी, जेल जाने के डर से फैजान ने आत्महत्या कर ली। परिजनो का यह भी आरोप है, कि फैजान के खुदकुशी करने के बाद भी रविवार अलसुबह युवती दोबारा उनके घर आकर हंगामा करने लगी। उन्होनें इसकी सूचना पुलिस को दी, बताया गया है की मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती और उसकी महिला साथी को हिरासत में लिया। पीड़िता के साथ आई महिला स्टेशन बजरिया इलाके के आदतन बदमाश दानिश की पत्नी बताई जा रही है। पुलिस मृतक फैजान के परिवार वालो के डिटेल बयान दर्ज करने के बाद हंगामा करने वाली दोनों महिलाओं के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की तैयारी में है।
