Spread the love

दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत जिले के विद्यालयों में अध्ययनरत 15-17 वर्ष की आयु के छात्र-छात्राओं के आधार में अनिवार्य बायोमेट्रिक संशोधन एवं नवीन आधार कार्ड हेतु विद्यालयों में 21 अगस्त से 30 अगस्त 2025 तक विकासखंड बटियागढ में हा.से.स्कूल फुटेराकलां,  हटा में एमएलवी स्कूल हटा एवं उत्कृष्ट विद्यालय हटा, पथरिया में उत्कृष्ट विद्यालय पथरिया एवं जबेरा में उत्कृष्ट विद्यालय जबेरा में कैंप लगाये जायेंगे । कलेक्टर श्री कोचर ने शाला प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि “आधार अब विद्यालय के द्वार” केम्प में शाला में अध्ययनरत छात्रों को भेजा जाये ताकि निर्धारित समयावधि में अधिक से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो सकें ।

            जिला शिक्षा केन्द्र के समन्वयक श्री द्विवेदी ने बताया आधार कैम्पों के आयोजन के संबंध में संबंधित बीआरसी के द्वारा संचालित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों/प्राचार्यो को सूचित किया गया है , छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावक की उपस्थिति अनिवार्य की गई है, ताकि अभिभावक के अनिवार्य आधार बायोमेट्रिक संशोधन हेतु दोनों के आधार नंबर प्राप्त किये जा सके। अनिवार्य बायोमेट्रिक MB-1 में 5-7 आयु वर्ग के विद्यार्थियों एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक MB-2 में 15-17 आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संशोधन निःशुल्क है। परन्तु इसके अलावा जो भी संशोधन कार्य होगें, उसके लिए शासन के नियमों के आधीन कार्यवाही की जायेगी। आधार केम्पों का आयोजन प्रातः 10 बजे से सांय 05 बजे तक किया जा रहा है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *