
दमोह/ नगर में श्रीगणेश महायज्ञ का आयोजन 28 अगस्त से प्रारंभ होने जा रहा है जो कि 4 सितम्बर तक चलेगा। आयोजन में सनातन धर्म की मान्यताओं और भारतीय परंपराओं के अनुसार प्रतिदिन विशेष प्रकार से पूजनार्चन होगा। आयोजन को लेकर पं.चन्द्र गोपाल पौराणिक ने बताया कि श्री गणेश महायज्ञ का यह प्रथम आयोजन है जिसमें पूजन के साथ ग्यारह लाख दुर्वा एवं एक लाख लड्डुओं से अर्चन किया जायेगा। उन्होने अर्चन का महत्व बताते हुये कहा कि वेद पुराणों में इसका अत्यधिक महत्व बताया गया है जिसका पुण्य फल इस पवित्र कार्य में सहभागिता करने वाले सभी को मिलता है। पं.पौराणिक ने बताया कि गणेश सहस्त्रनाम,अथर्वशीर्ष,श्री सूक्त एवं दुर्गा सप्तसती पाठ,अर्चन एवं मार्जन के साथ चार दिवसीय कथा का भी आयोजन होगा। उन्होने बताया कि राजा मैरिज हाल में आयोजित होने वाले श्रीगणेश महायज्ञ में श्रीहरिद्रा गणपति की भी स्थापना की जायेगी। सभी प्रकार के मेवा एवं पुंगीफल से पूजनार्चन होगा। पं.पौराणिक ने बताया कि उक्त धार्मिक अनुष्ठान महायज्ञ में बालक बालिकाओं को पूजनार्चन करने मिलेगा जिसके लिये पूर्व से नाम लिखवाना होंगे। ब्रम्हमुर्हुत से प्रारंभ होकर देर रात्रि तक आयोजन चलेगा जिसमें सभी सनातन धर्मावलंबियों से उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।
