
99 एकड़ जमीन पर कब्जे की 12 पटवारी करेंगे जॉच ..प्रशासन द्वारा सील की गई कोठी के ताले खुले-बदले जाने की आशंका
भोपाल। राजधानी भोपाल में ड्रग्स, आर्म्स तस्करी, सरकारी जमीनों पर कब्जे, युवतियों के साथ दुष्कर्म सहित विधानसभा का फर्जी तरीके से प्रवेश पास बनवाने में घिरे मछली परिवार पर जिला प्रशासन का शिंकजा लगातार कसता जा रहा है। बीते तीन सप्ताह के भीतर ही मछली परिवार की अतिक्रमण की गई 7 प्रॉपर्टी जमींदोज करते हुए प्रशासन ने जहॉ करीब 125 करोड़ रुपए की सरकारी जमीन को मुक्त कराया है। वहीं अब जिला प्रशासन भोपाल के अनंतपुरा कोकता बायपास क्षेत्र में ही पशुपालन विभाग की 99 एकड़ जमीन का सीमांकन कराने में जुट गया है। सूत्रो के मुताबिक जमीन के सीमांकन का प्लान तैयार कर लिया गया है। यह कार्रवाई गोविंदपुरा एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव और तहसीलदार सौरभ वर्मा करेगें इसमें 2 राजस्व निरीक्षक और 12 से ज्यादा पटवारियो की टीम शामिल रहेगी। इसमें 7 से 10 दिन का समय लग सकता है। सूत्रों के अनुसार, 99 एकड़ में से काफी हिस्से में मछली परिवार का दखल सामने आया है। एक कॉलोनी का कुछ हिस्सा भी शामिल हैं। इससे जुड़े मछली परिवार समेत 20 लोगों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं। पड़ताल में जमीन पर यदि किसी का अवैध कब्जा सामने आता है तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
सील कोठी के ताले खुले-बदले मिले
वहीं हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने बिलखिरिया कलां थाना प्रभारी को एक पत्र लिखा है। पत्र में बताया गया है कि 30 जुलाई को कार्रवाई के दौरान एक तीन मंजिला बिल्डिंग को सील किया गया था। इस बिल्डिंग की ऊंचाई अधिक होने, पर्याप्त मशीन नहीं होने और महिलाओं के विरोध के चलते यह कार्रवाई की गई थी। बाद में जब 21 अगस्त को जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब सील किए गए घर के ताले खोले गए थे। लेकिन इसमें से एक ताला बदला पाया गया और एक ताला खुला मिला था। ऐसे में किसी गड़बड़ी की आशंका है। इसलिए सील किए गए तालों के खोले एवं बदले जाने से संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। गौरतलब है कि शाहवर मछली और उसके भतीजे यासीन को क्राइम ब्रांच ने गैमन मॉल के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया था। तलाशी में उनके पास से तीन ग्राम एमडी ड्रग, एक देशी पिस्टल बरामद हुई थी। इसके बाद पुलिस की आगे की कार्यवाही में उनके काले कारनामें उजागर होते गए।
