
सकल दिगंबर जैन समाज कर रहा आत्म साधना एवं धर्माराधना
छिंदवाड़ा – सकल दिगंबर जैन समाज के सभी घटकों सहित युवा संगठन, महिला मंडल एवं पाठशाला के विद्यार्थीयों द्वारा भादों सुदी पंचमी से भादों सुदी चतुर्दशी तक चलने वाले जैन दर्शन में आत्म शुद्धि एवं धर्माराधना का अनादि निधन शाश्वत पर्वाधिराज दशलक्षण महापर्व की मंगल आराधना करते हुए आत्म साधना की जा रही है।
भादों सुदी पंचमी से प्रारंभ हुए पर्वराज दशलक्षण पर सकल दिगंबर समाज ने धर्म के प्रथम लक्षण उत्तम क्षमा, उत्तम मार्दव, उत्तम आर्जव एवं उत्तम शौच धर्म की आराधना की ओर आज भादों सुदी नवमी के शुभ दिन धर्म के पांचवें लक्षण उत्तम सत्य धर्म की मंगल आराधना करेगा।
जिनशासन सेवक दीपक राज जैन का कहना है कि धर्म तो एक ही होता है और वह हे वस्तु का स्वभाव, जिनागम में धर्म के दस लक्षण बताए गए जिसमें क्रोध के अभाव में क्षमा, मान के अभाव में मार्दव, मायाचारी के अभाव में आर्जव एवं लोभ के अभाव में उत्तम शौच धर्म होता है जो वास्तव में दिगंबर महामुनिराजों को ही प्रगट होता है।
आज उत्तम सत्य धर्म की आराधना के पश्चात क्रम से संयम, तप, त्याग, आकिंचन्य एवं उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की मंगल आराधना सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा की जावेगी। इसमें उत्तम शब्द सम्यक दर्शन अर्थात सच्ची क्षमा से है।
क्या है दशलक्षण महापर्व –

दशलक्षण महापर्व आत्म शुद्धि का महापर्व कहलाता हैं जिसके धारक दिगंबर महामुनिराज होते हैं परन्तु श्रावकगण भी इसका एक देश पालन करते है। जिसमें दस दिनों तक नियम संयम पूर्वक रहना, पूजन, मंगल प्रवचनों, भक्ति सहित स्वाध्याय एवं प्रतिक्रम में ज्यादा से ज्यादा समय लगाकर आत्म आराधना करना होता है। अपनी अपनी शक्ति अनुसार उपवास अथवा व्रतादि कर स्वयंम को जानना ही दशलक्षण महापर्व का सार है।
कौन कहां कर रहा आराधना –
श्री जैन ने बताया कि पर्वराज पर नगर के समस्त दिगंबर जिनालयों सहित चैत्यालयों में दिगंबर जैन समाज के विविध घटकों द्वारा आराधना की जा रही है, जिसमें अहिंसा स्थली गोल गंज स्थित श्री आदिनाथ जिनालय मूल पाषाण मंदिर एवं श्री पार्श्वनाथ जिनालय बड़ा जैन मंदिर चूना गली में दिगंबर जैन परवार पंचायत पाषाण मंदिर द्वारा, संत निवास में सूर्योदय धाम परवार पंचायत द्वारा, श्री पार्श्वनाथ जिनालय कांच मंदिर में गोला पूरब पंचायत द्वारा, श्री आदिनाथ जिनालय ऋषभ नगर गुलाबरा, श्री चंद्रप्रभ जिनालय एवं श्री पार्श्वनाथ जिनालय गोल गंज में खंडेलवाल पंचायत द्वारा, श्री आदिनाथ जिनालय गोल गंज एवं श्री पार्श्वनाथ जिनालय नई आबादी में मुमुक्षु मंडल द्वारा श्री शांतिनाथ चैत्यालय नागपुर नाका में पटौदी परिवार द्वारा, श्री ऋषिमंडल चैत्यालय बुधवारी बाजार में बनारसी परिवार द्वारा एवं छोटी बाजार स्थित श्री तारण तरण दिगंबर चैत्यालय एवं तारण भवन में श्री तारण तरण दिगंबर जैन समाज द्वारा दशलक्षण महापर्व की मंगल आराधना की जा रही है। जिससे सकल समाज में धर्ममय वातावरण बना हुआ है और सभी मिलकर क्षमा भाव के साथ आत्मा से परमात्मा बनने का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।
