
फरार आरोपियों की पुलिस कर रही तलाश
बालाघाट। किरनापुर थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चियों से अनैतिक कार्य करवाए जाने का प्रयास करने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में किरनापुर थाना क्षेत्र के सेवती निवासी पूजा कुथे, भौराटोला निवासी अनिता पांचे और शिवनगर दर्री जिला कोरबा छत्तीसगढ़ निवासी प्रिया थापा शामिल है। प्रकरण में फरार आरोपियों और घटना में प्रयुक्त वाहन की तलाश की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं सहित अन्य के खिलाफ धारा 143 (3), 3 (5) भारतीय न्याय संहिता, धारा 5 (1)(सी) अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम तथा पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
किरनापुर थाना प्रभारी अशोक ननामा ने बताया कि 15 सितंबर को क्षेत्र के एक ग्राम की 14, 15 व 17 वर्ष की नाबालिग बच्चियों को कुछ महिलाएं पैसों का लालच देकर बाहर ले गई। उन्हें सूनसान स्थान पर ले जाकर अनैतिक कार्य के लिए प्रस्तुत करने का प्रयास किया। परिस्थिति को देखकर बच्चियों ने इसका विरोध जताया। जिस पर महिलाओं ने उन्हें वापस छोड़ दिया। घर आने पर बच्चिों ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान पुलिस को इस घटना की सूचना मिली। पुलिस ने पहल करते हुए ग्रामीणों की मदद से बच्चियों को सामने लाया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा काउंसलिंग कराकर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया।
विशेष पूजा और पैसों का दिया था प्रलोभन
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में बच्चियों ने घटना की पूरी जानकारी दी। तीन महिलाओं ने उन्हें यह कहकर गुमराह किया था कि उनके द्वारा एक विशेष पूजा कराई जाएगी, जिससे उनका भविष्य अच्छा होगा और इसके बदले में उन्हें रुपए भी मिलेंगे। इस प्रकार उन्हें झूठे बहाने और लालच देकर बाहर ले जाया गया। महाराष्ट्र राज्य के तुमसर क्षेत्र में सूनसान स्थान पर कुछ व्यक्तियों के साथ अनैतिक कार्य करवाने की योजना बनाई। बच्चियों को संदेह होने पर उन्होंने घर जाने की जिद की। जिसके बाद महिलाओं ने उन्हें वापस घर छोड़ दिया।
