Spread the love

जबलपुर। जबलपुर हाईकोर्ट ने शनिवार अवकाश के दिन एक अनूठा रिकॉर्ड रचने का काम कर दिया है। इस दिन 8 स्पेशल बेंच सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक लंबित जमानत याचिकाओं की सुनवाई में लगी रहीं। इस दौरान कुल 600 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 350 जमानत याचिकाओं पर फैसला भी सुनाया गया।
पहले यह योजना थी कि 10 बेंच छुट्टी के दिन बैठेंगी, लेकिन दो बेंच किसी कारणवश शामिल नहीं हो पाईं। बावजूद इसके, आठ बेंच ने एक साथ इतनी बड़ी संख्या में मामलों की सुनवाई कर इतिहास रच दिया। अब अगले शनिवार भी इसी तरह 3,000 लंबित जमानत याचिकाओं को निपटाने के लिए स्पेशल बेंच बैठेंगी। यहां बताते चलें कि इस पहल की शुरुआत हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके जैन और सचिव परितोष त्रिवेदी द्वारा चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा से की गई मुलाकात के बाद हुई थी। बार एसोसिएशन ने लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष कार्रवाई की मांग की थी। चीफ जस्टिस ने इस मांग पर ध्यान देते हुए छुट्टी के दिन सुनवाई करने का निर्णय लिया। इसका सकारात्मक परिणाम शनिवार की कार्रवाई में देखने को मिला है।
जानकारी अनुसार वर्तमान में हाईकोर्ट में लगभग 4.80 लाख केस लंबित हैं, जबकि सिर्फ जबलपुर हाईकोर्ट में 3,000 जमानत याचिकाएं लंबित हैं। इस समय हाईकोर्ट में 41 न्यायाधीश कार्यरत हैं और तीन बेंच जमानत याचिकाओं की सुनवाई करती थीं। अब एक बेंच बढ़ाने के बाद कुल चार बेंच जमानत याचिकाओं की सुनवाई करेंगी। यह कदम लंबित मामलों को तेजी से निपटाने और न्याय दिलाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *