Spread the love

गुना। नगर पालिका परिषद गुना की राजनीति में भाजपा खेमे की खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आई है। 18 सितंबर की शाम राजश्री होटल में आयोजित भाजपा पार्षद दल की बैठक में उपाध्यक्ष धरम सोनी पर अभद्र भाषा और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है। इस घटना को लेकर वार्ड क्रमांक 29 की पार्षद श्रीमति नीता शिवनारायण कुशवाह ने जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार को लिखित शिकायत सौंपी है।
नीता कुशवाह ने पत्र में उल्लेख किया है कि बैठक में विधायक गुना, नगर पालिका अध्यक्ष और सभी भाजपा पार्षद मौजूद थे। इस दौरान उपाध्यक्ष ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया बल्कि महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला व्यवहार भी किया। उन्होंने कहा कि परिषद की पूर्व बैठकों में भी धरम सोनी का रवैया ऐसा ही रहा है। महिला अध्यक्ष और महिला पार्षदों की मौजूदगी में इस तरह की हरकतों से हम आहत हुए हैं और पार्टी की छवि धूमिल हो रही है।
नीता कुशवाह ने पत्र की प्रतियां केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महामंत्री को भी भेजते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर ऐसे मामलों में कठोर कदम नहीं उठाए गए तो महिलाओं के साथ बार-बार अपमान की स्थिति बनेगी और पार्टी की साख पर भी असर पड़ेगा।
गौरतलब है कि 18 सितंबर को हुई इस बैठक में भाजपा पार्षदों के दो खेमों के बीच जमकर खींचतान हुई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत तक आ गई। यही कारण रहा कि 19 सितंबर को प्रस्तावित नगर पालिका परिषद की बैठक को स्थगित करना पड़ा। अब यह बैठक 26 सितंबर को आयोजित की जाएगी। पार्षद नीता कुशवाह की शिकायत के बाद यह मामला भाजपा के जिला और प्रदेश संगठन तक पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *