Spread the love

अज्ञात चोरों ने वार्ड क्रमांक 32 व 33 में तीन घरों को बनाया निशाना
बालाघाट । शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ते जा रही है। बावजूद इसके पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। अज्ञात चोरों ने बीती रात्रि वार्ड क्रमांक 32 और 33 में तीन घरों को अपना निशाना बनाया। जिसमें दो घरों से एक बाइक और लाखों रुपए के जेवरात लेकर फरार हो गए। जबकि तीसरे घर में वे सफल नहीं हो पाए। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी विजय राजपूत हमराह स्टॉफ के साथ मौके में पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही की। इसके अलावा एफएसएल टीम व डॉग स्कवाड ने भी मौके में पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला कायम कर प्रकरण को जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 33 प्रभुत्तम नगर निवासी शासकीय कान्ट्रेक्टर आकाश पिता रूपचंद बिसेन के सूने घर से अज्ञात चोरों ने शुक्रवार की रात करीब 2.30 बजे घर में घुसकर आलमारी में रखे लगभग 12-13 लाख रुपए के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। बताया गया है कि आकाश की पत्नी मायके गई हुई थी और वह स्वयं छिंदवाड़ा गया था। इस दौरान घर में कोई नहीं था। सुबह करीब 7 बजे वाहन चालक दिलीप ठाकरे आकाश बिसेन के घर पहुंचा तो ताला टूटा हुआ देखा। इसकी सूचना उसने तत्काल ही आकाश बिसेन को दी। इसके बाद ही घर में चोरी होने का खुलासा हुआ।
घर के सामने से की बाइक की चोरी
इसी तरह चोरों ने वार्ड नंबर 32 में निवासरत सेवानिवृत कर्मचारी फूलमारी के घर किराये से रहने वाले सुनील बिसेन की घर के बाहर गेट के सामने खड़ी बाइक की चोरी कर ली। शनिवार की सुबह जब सुनील ने गाड़ी देखा तो वह मौके पर नहीं थी। जिसकी उसने आस-पास तलाश भी की, लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चला। वहीं इसी मोहल्ले में कुछ ही दूरी पर निवासरत पटवारी विजय बिसेन के घर भी अज्ञात चोरों ने दीवार फांदकर चोरी करने का प्रयास किया। लेकिन वे चोरी करने में सफल नहीं हो पाये। इसके बाद चोरों ने आकाश बिसेन के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
सीसीटीवी कैमरे में नजर आए तीन संदिग्ध
चोरी की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। इस सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध नजर आए हैं। संभावना जताई जा रही है कि इन तीनों ने ही चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इधर, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। हालांकि, एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना होने से वार्ड के लोगों में काफी दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *