Spread the love

इन्दौर। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने नाप तोल विभाग धार के उप नियंत्रक बाबूलाल गांधी के खिलाफ पेट्रोल पम्प की जांच के नाम पर 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। लोकायुक्त ने इलेक्ट्रानिक तकनीक से शिकायत सत्यापन के बाद शिकायत सही पाई जाने पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश कुमार सहाय के अनुसार आरोपी उप नियंत्रक गामड़ के खिलाफ पेट्रोल पंप संचालक राधेश्याम चौहान निवासी सरदारपुर (धार) की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया। फरियादी राधेश्याम की पत्नी कौशल चौहान के नाम से सरदारपुर में आर.के. फ्यूल स्टेशन नामक पेट्रोल पंप है। पेट्रोल पंप पर लगी मशीनों का कैलिब्रेशन (जांच) कराने के लिए फरियादी ने गत 13 सितंबर को नाप तोल विभाग में ऑनलाइन आवेदन पत्र प्रस्तुत किया था। मशीनों की कैलिब्रेशन जांच कराना हर वर्ष आवश्यक होता है। आवेदन के बाद आरोपी उप नियंत्रक बाबूलाल गामड़ ने फ्यूल स्टेशन पर लगी मशीनों का कैलिब्रेशन करने के बदले में फरियादी से 25 हजार रुपए रिश्वत की मांग की तो उसने इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर आकर की थी। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी गामड़ के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले में आरोपी की आवाज का नमूना लेकर जांच कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *