
पीएम रिपोर्ट में खुलासा, आरोपी पुत्र गिरफ्तार
छिंदवाड़ा। जिला अस्पताल में गिरने से भर्ती हुई महिला की मौत के मामले का कुण्डीपुरा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतिका के पुत्र को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कुण्डीपुरा थाना प्रभारी महेन्द्र भगत ने बताया कि २६ सितम्बर को सूचना मिली थी कि ग्राम बोरिया निवासी मुन्नीबाई पति शंभू पाटिल (७०) इलाज के दौरान हुई मौत के बाद पुलिस ने मौत की वजह जानने मृतिका का पीएम कराया। डॉक्टर ने पीएम रिपोर्ट में मुन्नीबाई की मौत गंभीर चोट आने से होना बताया, तब पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच की तो पता चला कि उसका पुत्र अक्सर मां के साथ निवास करते रहता था। इसी आधार पर पुलिस ने पुत्र संतोष पाटिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह अपनी माँ को मोहल्ले के घरों में जाकर बैठने से मना करता था लेकिन उसकी माँ मोहल्ले में बैठने जाती थी। घटना के दिन २६ सितम्बर को भी मां मोहल्ले में बैठने गई थी इसी बात पर उसका मां से विवाद हो गया। विवाद के दौरान उसने घर पर रखी सब्बल से मां के साथ मारपीट कर दी। इस घटना में उसे गंभीर चोटें आई थी। उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी भगत ने बताया कि पुलिस ने आरोपी संतोष पिता शुभू पाटिल निवासी बोरिया के खिलाफ हत्या का प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की सब्बल बरामद की है। मामले का खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी के अलावा उनि अरविन्द्र बघेल, एएसआई मानसिंग बघेल, प्रआ विनोद राजपूत, आरक्षक जीवन रघुवंशी, योगेश मालवी, गजानंद मर्रापे शामिल रहे।
