Spread the love

पुलिस पर लगाये झूठे मामले में फंसाने के आरोप
भोपाल। राजधानी में मुख्यमंत्री निवास के पास उस समय हड़कंप मच गया जब गुना से आए दंपति ने आत्मदाह की कोशिश की। पति-पत्नी ने अपने ऊपर केरोसिन डालकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया लेकिन गनीमत रही की मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने आग लगाने से पहले ही दंपति को पकड़ लिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया बाद में दंपत्ति को पुलिस के हवाले कर दिया। श्यामला हिल्स थाना पुलिस दंपति को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया गया है की गुना जिले के रहने वाले पीड़ित दंपति देवकीनंद सोनी और उनकी पत्नी का आरोप है कि दुकान को लेकर एक विवाद चल रहा है. इस मामले में स्थानीय पुलिस, खासतौर पर कोतवाली थाना प्रभारी ने उन्हें झूठे मामले में फंसा दिया है। कई बार शिकायत करने के बाद भी उनकी बात नहीं सुनी गई, जिसके चलते उन्होंने भोपाल आकर मुख्यमंत्री निवास के सामने आत्मदाह करने की कोशिश की। दंपति का यह भी आरोप है कि पुलिस और प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत से उनकी दुकान पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित दंपति देवकीनंद सोनी और उनकी पत्नी का आरोप है, कि दुकान विवाद में गुना पुलिस और प्रशासन ने उनके साथ गुंडागर्दी की है, लेकिन उनकी कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही। वहीं राजधानी की भोपाल पुलिस का कहना है की पति-पत्नि सुरक्षित हैं। उनसे मामले को लेकर पूछताछ करते हुए अधिकारियों द्वारा मदद का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल आगे की कार्यवाही जारी, जांच में जो भी तथ्य सामने आएगें, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *