
ममता बनर्जी ने गृह मंत्री पर साधा निशाना
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि शाह ऐसे व्यवहार कर रहे हैं जैसे वे देश के “एक्टिंग प्रधानमंत्री” हों, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सब कुछ जानते हुए भी चुप हैं।
दरअसल सीएम ममता बनर्जी मीडिया से बातचीत कर रहीं थी, इसी दौरान उन्होंने कहा, कि अमित शाह गृह मंत्री हैं, लेकिन हर काम ऐसे करते हैं जैसे वही प्रधानमंत्री हों। प्रधानमंत्री सब कुछ जानते हैं, पर कुछ नहीं बोलते। मेरा पीएम से अनुरोध है कि उन पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, क्योंकि एक दिन वही मीर जाफर की तरह आपके खिलाफ खड़े हो जाएंगे। इसी के साथ मुख्यमंत्री ममता ने आगे कहते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेता राज्य में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नष्ट करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता बंगाल में मतदाता सूची से एक लाख नाम हटाने की बात कर रहे हैं, जो लोकतंत्र पर हमला है।
सीएम ममता बनर्जी ने सवाल करते हुए कहा, उनका नेता बंगाल आता है और कहता है कि हम एक लाख वोटरों के नाम काट देंगे। क्या यह लोकतंत्र है? क्या चुनाव आयोग भाजपा की शाखा है या जनता के अधिकारों की रक्षा करने वाला आयोग?
बंगाल सीएम ने स्पेशल समरी रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी बारिश, बाढ़ जैसी स्थिति और त्योहारों के बीच यह प्रक्रिया कराना लोकतंत्र का मजाक है। उन्होंने कहा, त्योहार के वक्त लोगों को घर छोड़कर बूथों पर कतार में लगने के लिए कैसे कहा जा सकता है? यह जनता की मुश्किलों को नजरअंदाज करने जैसा है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि इन सभी कदमों के पीछे अमित शाह की सीधी भूमिका है और केंद्र सरकार, चुनाव आयोग तथा भाजपा “एक ही टीम” बनकर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए तैयार है और “किसी भी तानाशाही रवैये” के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।
