
नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने नई नियुक्ति पर लगाई रोक, पुराने को भी हटाने के निर्देश
छिंदवाड़ा। नगर निगम में कार्यरत दैनिक वेतन कर्मचारियों पर कभी भी गाज गिर सकती है। निगम द्वारा इन कर्मचारियों जल्द ही कार्यमुक्त किया जाएगा। दरअसल नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि नगर निगम, नगर पालिकाओं नगर पालिक निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों में होने वाली दैनिक वेतन कर्मचारियों की नियुक्ति पर पूूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। वहीं नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा वर्ष २००० मार्च में जारी किए गए आदेश के अनुसार जिन भी नगर निगमों, नगर पालिका में वर्ष २००० के बाद जिन भी दैनिक वेतन कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। उन कर्मचारियों को कार्य मुक्त किया जाए। वर्तमान में विभाग द्वारा आदेश जारी करते हुए नगर निगम से दैनिक वेतन कर्मचारियों की सूची मांगी गई है। जिसके बाद नगर निगम कर्मचारियों की एक सूची तैयार कर विभाग को भेजने की तैयारी में है। सूची में जिन कर्मचारियों को शासन के निर्देशों के विरुद्ध भर्ती किया गया होगा तो उन कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी जाएगी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा नगर निगम को सूची भेजने के लिए २५ अक्टूबर तक का समय दिया है।
