Spread the love

पन्ना। सिमरिया थाना और मोहन्द्रा चौकी पुलिस ने गुरुवार को दो पिकअप वाहनों से 13 मवेशी जब्त किए। इस दौरान कानपुर और दमोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त किए गए मवेशियों और वाहनों की कुल कीमत 25 लाख रुपए आंकी गई है। मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर, थाना प्रभारी सिमरिया के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी मोहन्द्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बनौली तिराहा पुन्हाऊ के पास नाकेबंदी की। चेकिंग के दौरान, पुलिस ने यूपी 77 एटी 5768 और एमपी 15 जी 5475 नंबर के दो पिकअप वाहनों को रोका। तलाशी लेने पर, दोनों वाहनों में 12 भैंस और 1 पाड़ा क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले, जिनका अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।पुलिस ने तत्काल कानपुर निवासी सिराज (29) और दमोह निवासी अनीश शाह (25) को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अवैध परिवहन की बात स्वीकार की। बरामद पशुओं की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपए और जब्त वाहनों की कीमत 20 लाख रुपए बताई गई है। थाना सिमरिया में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 383/2025 के तहत पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक स्मिता सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक सर्वेन्द्र कुमार, प्रधान आरक्षक रवि पाठक, आरक्षक राहुल पटेल और ग्राम रक्षा समिति के सदस्य राजेन्द्र वाल्मिक की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *