Spread the love

ड्रग विभाग ने रेसिपी फ्रेश टीआर, रिलाइफ सिरप के नए बैच की बोतलों को किया सील
दवाओं को जांच के लिए भेजा गया प्रयोगशाला
थोक दुकान संचालकों को चिल्लर विक्रेताओं से दवाएं वापस मंगाने के निर्देश


बालाघाट। जिले में दवा दुकानों में प्रतिबंधित दवाओं के जांच की कार्यवाही स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। इस कार्यवाही के दौरान ड्रग विभाग ने रेसिपी फ्रेश टीआर और रिलाइफ सिरप के नए बैच की बोतलों को सील कर दिया है। प्रतिबंधित सरीप की 167 बोतलों को जब्त किया है। इन दवाओं को जांच के लिए शासकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने तक इन दवाओं के क्रय, विक्रय और संग्रहण पर रोक लगा दी गई है। इतना ही नहीं थोक दवा दुकान के संचालकों को चिल्लर विक्रेताओं को विक्रय किए गए दवाओं को वापस बुलाने के भी निर्देश दिए है।
जानकारी के अनुसार जहरीली दवाओं का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इन दवाओं के सेवन से बच्चों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ते जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सरकार द्वारा जहरीली दवाओं पर प्रतिबंध भी लगाया जा रहा है। शासन के आदेश पर जिले में भी दवाओं की जांच की जा रही है। ड्रग विभाग, खाद्य विभाग द्वारा थोक व चिल्लर दवा दुकानों में पहुंचकर दवाओं की जांच की जा रही है। इस कार्यवाही के दौरान ड्रग विभाग ने दो प्रतिबंधित सीरप रेसिपी फ्रेश टीआर और रिलाइफ सिरप के नए बैच की 167 बोतलों को सील कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्यवाही छिंदवाड़ा में कप सीरप के उपयोग के बाद बच्चों की मौत होने पर की है। उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा जिले में कोल्ड्रीफ कफ सीरप के उपयोग से दर्जन भर बच्चों की मौत हो चुकी है। कुछेक बच्चे अभी भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। इस घटना के बाद कोल्ड्रीफ कफ सीरप और नेस्ट्रो-डीएस सस्पेंशन को प्रतिबंधित कर दिया है। हालांकि, प्रतिबंधित इन दोनों दवाओं की बालाघाट में सप्लाई नहीं हुई है। स्वास्थ्य और खाद्य विभाग की जांच में इन दवाओं के बालाघाट में सप्लाई नहीं होने की पुष्टि भी हो चुकी है। इतना ही नहीं जांच में ये दवाएं बालाघाट में नहीं पाई गई है।
इन दवाओं पर भी लगा है प्रतिबंध
इसी तरह गुजरात की एक ड्रग कंपनी के दो उत्पाद भी प्रयोगशाला में जांच में अमानक पाए गए हैं। जिसमें रेसिपी फ्रेश टीआर (बैच नंबर आर 011 जीएल 2523) और रिलाइफ सिरप (बैच नंबर एलएसएल 25160) शामिल है। इन दवाओं के अमानक पाए जाने के बाद इन पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिले में इन प्रतिबंधित बैच नंबर की दवाएं तो नहीं मिली है। लेकिन सुरक्षा के लिहाज से स्वास्थ्य विभाग ने इन दवाओं के क्रय, विक्रय और संग्रहण पर रोक लगा दी है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रेसिपी फ्रेश टीआर सीरप की 100 एमएल की 158 बोतलें और रिलाइफ सिरप की 9 बोतलों को जब्त कर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा की ये दवाएं मानक है या अमानक। फिलहाल इनके उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
बेची गई दवाओं को वापस बुलाने के निर्देश
ड्रग विभाग ने इस बैच नंबर की सभी दवाओं को वापस बुलाने के निर्देश थोक दवा विक्रेताओं को दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट रुप से कहा है कि इन दवाओं का न तो उपयोग किया जाए और न ही इनका संग्रहण करें। इतना ही नहीं चिल्लर दवा विक्रेताओं को बेची गई दवाओं को वापस बुलाकर इन्हें कंपनी भेज दे। ताकि इनका उपयोग जिले में न हो सकें। स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्यवाही सुरक्षा के लिहाल से की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *