Spread the love


माल परिवहन करने वाले 10 वाहनों को किया है जब्त
शेष वाहनों में माल परिवहन के दस्तावेजों की हो रही जांच

बालाघाट। दीपोत्सव पर्व के नजदीक आते ही जिले में जीएसटी की चोरी बढऩे लगी है। व्यापारी वर्ग दूसरे शहरों से बगैर जीएसटी जमा किए सामानों को जिले में ला रहे हैं। सूचना के आधार पर जबलपुर और बालाघाट की जीएसटी टीम ने संयुक्त रुप से कार्यवाही की। यह कार्यवाही बीते तीन दिनों से जारी है। इस दौरान जीएसटी चोरी कर माल का परिवहन करने वाले 10 वाहनों को जब्त किया गया है। जिसमें चार वाहनों से जीएसटी की चोरी कर माल परिवहन करने पर 2 लाख 4 हजार रूपए जीएसटी जुर्माना वसूला गया है। शेष वाहनों में कर चोरी से जुड़े मामले के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
बालाघाट जीएसटी विभाग के बीके पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जीएसटी की चोरी सामने आई है। व्यापारी वर्ग कर की चोरी कर माल का परिवहन कर रहे हैं। जिसके चलते वाहनों को खड़ा किया गया है। जीएसटी टीम ने जिन 4 वाहनों से जीएसटी जुर्माना वसुला है, उसमें किरनापुर में खड़ेे किए गए तंबाकु से भरे वाहन से 1 लाख 50 हजार, गर्रा चौकी में खड़े किए सीमेंट के वाहन से 23 हजार रूपए, नवेगांव थाना में खड़े किए स्क्रेप वाहन से 21 हजार 600 और गर्रा चौकी के एक अन्य वाहन से 9600 रूपए जुर्माना वसूला गया है।
जानकारी के अुनसार जीएसटी विभाग ने बीते दिनों जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आकस्मिक रुप से मालवाहक वाहनों को पकड़ा था। इन वाहनों को जब्त कर उन्हें संबंधित थानों में खड़ा करवा दिया गया था। इसमें गर्रा हाइवे चौकी में 4, भरवेली में 2, कटंगी-किरनापुर में 1-1, नवेगांव में 2 वाहनों को जब्त किया गया है। इस तरह से जिले में 10 वाहनों को अभिरक्षा में लेकर उन वाहनों से परिवहन किए जा रहे माल की जीएसटी शुल्क के दस्तावेजो की जांच की जा रही है।
जिले में इस कार्यवाही के दौरान जीएसटी विभाग असिस्टेंट कमिश्नर सरिता सिरसाम, स्टेट टैक्स ऑफिसर डीएल पटले, क्लर्क हरि कुंभरे सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *