

गुना । चर्चित आत्माराम पारदी हत्याकांड में आरोपी और लंबे समय से फरार चल रहे बर्खास्त एसआई रामवीर कुशवाह को गुरुवार सुबह कोतवाली पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे चांचौड़ा जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसे सुबह 10 बजे ही कोर्ट में पेश कर दिया, जबकि पहले अनुमान था कि लंच के बाद पेशी होगी। कोर्ट में पेशी के दौरान कुशवाह ने गुना जेल भेजे जाने पर आपत्ति जताते हुए जान का खतरा बताया, जिसके बाद अदालत ने उसे चांचौड़ा जेल भेजने का आदेश दिया। बताया जाता है कि वर्ष 2015 में आत्माराम पारदी की हत्या के बाद से रामवीर कुशवाह दो साल से फरार था। 26 सितंबर को ग्वालियर हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद वह गुना लौटा, लेकिन यहां उसके खिलाफ फ्रॉड और गवाहों को धमकाने जैसे कई मामले पहले से दर्ज थे। 5 अक्टूबर को कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था।
इस मामले में सोमवार को कोर्ट पेशी के दौरान हुई भीड़ और हंगामे को लेकर पुलिस और प्रशासन दोनों गंभीर हैं। कोर्ट परिसर में उस दिन कई असामाजिक तत्व मोटरसाइकिलों से पुलिस वाहन के साथ चलते नजर आए थे। न्यायालय ने इसे कानून-व्यवस्था के लिए खतरा मानते हुए सख्त निर्देश जारी किए थे।एसपी अंकित सोनी ने बताया कि रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, कोर्ट परिसर में मौजूद रहे संदिग्धों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है और कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
