Spread the love

करोड़ों रुपए का मादक पदार्थ जब्त
गुना। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में जिले में 13 अप्रैल 25 से 7 अक्टूबर 25 तक मादक पदार्थ, आबकारी और सट्टा के मामलों में प्रशासन की सक्रिय कार्रवाई के तहत बड़ी संख्या में अपराधी पकड़े गए और मादक पदार्थ व अवैध शराब जब्त की गई। एनडीपीएस, आबकारी एक्ट और क्रिकेट मैचों पर सट्टा मामले में पुलिस की यह सतत कार्रवाई जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण साबित हुई है। एनडीपीएस एक्ट के तहत 142 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 69 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें स्मैक, गांजा, डोडाचूरा और अफीम जैसे मादक पदार्थ शामिल हैं। स्मैक के 587.47 ग्राम, गांजा के 3 क्विंटल 17 किलो 326 ग्राम, डोडाचूरा के 62.590 किग्रा और अफीम के 2.247 किग्रा मादक पदार्थ जब्त किए गए। इनके बाजार मूल्य का अनुमान लगभग 1 करोड़ 30 लाख 95 हजार रुपए है। साथ ही 32 बाइक और 3 कारें जब्त की गईं, जिनकी कुल कीमत 45.55 लाख रुपए है।
एसपी श्री सोनी के निर्देशन में आबकारी एक्ट के तहत भी जिले में कड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 332 प्रकरण दर्ज किए गए और 359 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अवैध शराब के कुल 5,307 लीटर जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 10 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा 13,500 लीटर शराब नष्ट कर दी गई। जब्त वाहन में 1 कार, 1 लोडिंग वाहन और 1 ऑटो शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत 23.15 लाख रुपए है। क्रिकेट मैचों पर सट्टा रोकने के लिए भी जिले में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 18 प्रकरण दर्ज किए गए और 45 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में 27 मोबाइल जब्त किए गए और करीब 25 हजार रुपए नकद जब्त किए गए। मोबाइल और डायरी की जांच में लगभग 55 लाख रुपए के हिसाब-किताब का पता चला। गुना पुलिस की यह निरंतर और सख्त कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की मादक पदार्थ की तस्करी, अवैध शराब बिक्री या सट्टा गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि ऐसे अपराधियों पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *