Spread the love

चांदनी चौक में वारदात, आरोपी फरार
जबलपुर। हनुमानताल थाना अतंर्गत चांदनी चौक में रविवार की देर रात एक युवक ने अपने साले की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया गया है कि पत्नी के मायके से वापस नहीं आने के कारण आरोपी परेशान था और इसी दौरान उसके साले से उसका विवाद हुआ| पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
हनुमानताल पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार सैय्यद बाबा मजार वाली गली चांदनी चौक हनुमानताल निवासी 36 वर्षीय सराफत अली फेरी लगाकर चादर बेचने का काम करता है। लगभग 15 दिन पहले ग्राम अनिया कला थाना हरगांव जिला सीतापुर निवासी 30 वर्षीय रहमत अली उसके पास आया था और फेरी लगाकर चादर बेचने का काम करने लगा। रहमत अली सराफत अली के घर में ही रहता था।
शनिवार 12 अक्टूबर की शाम करीब 7:45 बजे सराफत अली अपने घर के सामने खड़ा था। उसी दौरान रहमत अली फेरी लगाकर लौटा और उसके पीछे उसका बहनोई जमील अहमद भी पहुंच गया। जमील ने रहमत अली से कहा कि तेरी बहन नसरीन बानो अब मेरे साथ नहीं रहती, इसी वजह से तू और तेरे परिवार वाले मुझसे बुरा व्यवहार करते हो, कोई मुझे काम नहीं दे रहा।
इसी बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ा और गुस्से में आए जमील अहमद ने जेब से चाकू निकालकर रहमत अली के सीने पर वार कर दिया, जिससे रहमत अली की मौत हो गई। घटना के बाद सराफत अली और बाबू खान ने घायल रहमत अली को ऑटो से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रात करीब 11:05 बजे रहमत अली को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सराफत अली की रिपोर्ट पर आरोपी जमील अहमद के खिलाफ धारा 103 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपी फरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *