
वारासिवनी और किरनापुर थाना पुलिस ने की कार्यवाही
बालाघाट। जिले के वारासिवनी और किरनापुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामले में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दोनों ही थाना की पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। किरनापुर थाना पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब दो लाख रुपए के जेवरात जब्त किए है।
जानकारी के अनुसार इस मामले में किरनापुर थाना पुलिस ने बगदरा थाना ग्रामीण निवासी कुंदन पिता उत्तम बनोटे 27 वर्ष, जितेंद्र पिता ओंकार गौतम 44 वर्ष और प्रदीप पिता ज्ञानीराम कुम्हारे 27 वर्ष को गिरफ्तार किया है। ये तीनों ही आदतन अपराधी है। आरोपी कुंदन के खिलाफ 17, जितेंद्र के खिलाफ 5 और प्रदीप के खिलाफ 4 चोरी के प्रकरण दर्ज है। इन आरोपियों के पास से करीब दो लाख रुपए मूल्य के जेवरात जब्त किए है। इसी तरह वारासिवनी पुलिस ने महाराष्ट्र राज्य के भंडारा जिले के साकोली गांव के शिवाजी वार्ड निवासी अनिल पिता चुन्नीलाल बोरकर 38 वर्ष हाल मुकाम समर्थ नगर लाखनी और नई दिल्ली के वेस्ट पटेल नगर के शादीपुरा डिपो निवासी अक्षय पिता दिनेश गुप्ता 24 वर्ष हाल मुकाम समर्थ नगर लाखनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 55 हजार रुपए मूल्य के जेवरात जब्त किए है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि 26 सितंबर को ग्राम सिवनीकला निवासी शिक्षक प्रेमसुख धार्मिक ने किरनापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि वे सुबह स्कूल चले गए थे। घर पर कोई नहीं था। जब वे शाम को करीब 5 घर लौटे तो अज्ञात चोरों ने उनके घर से करीब ढाई लाख रुपए के जेवरातों की चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया। इस दौरान नवेगांव थाना पुलिस ने हाल ही में जेल से रिहा हुए निगरानी बदमाश कुंदन बनोटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसने अपने दो साथी जितेंद्र गौतम और प्रदीप कुम्हरे के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने महाराष्ट्र राज्य के गोंदिया जिले के ग्राम धापेवाड़ा में भी चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
इसी तरह वारासिवनी थाना पुलिस ने बताया कि 19 सितंबर को शिक्षक फूलचंद पिता शोभाराम ठाकरे ने थाना में शिकायत दर्ज कराई कि जब वे स्कूल गए थे, तभी अज्ञात चोरों ने उनके घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने चालीस हजार रुपए नगदी सहित जेवरातों की चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया। विवेचना के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विशलेषण किया गया। लगातार प्रयास के बाद दोनों ही संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आारेपियों ने एक ही दिन में दो चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों से और पूछताछ की जा रही है। ताकि अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकें। आरोपियों ने पूछताछ में भंडारा, यवतमाल सहित मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ राज्य में चोरी करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल चोरी के मामले में माल की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया जा रहा है।
