Spread the love

केंद्रीय कृषि मंत्री के घर पर बिना अनुमति प्रदर्शन पर हुए एफआईआर पर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा…
भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर पर बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक सहित 20-25 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है। केस दर्ज होने के मामले में पूर्व मंत्री और कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने शिवराज सिंह चौहान पर पलटवार किया है। मुकेश नायक ने कहाकि शिवराज सिंह ये मुकदमा दर्ज करके आपने बहुत बड़ी गलती की है। प्याज के छिलके जैसी एक-एक परत निकालकर अगले छह महीने में जनता के बीच में आपका असली चेहरा निकालकर रख दूंगा। ये धमकी नहीं है ये मुकदमा दर्ज करके आपने राजनीति का स्तर नीचे किया है, इसका परिणाम आएगा।
पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने कहा कि कल हम केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के यहां जीतू पटवारी के नेतृत्व में मिलने गए थे। तो सबसे पहले शिवराज सिंह चौहान ने यह कहा कि राजनीति करना है तो मैं उनसे कहना चाहता हूं कि एक प्रमुख विपक्षी दल का अध्यक्ष आपसे मिलने गया है वो राजनीति नहीं करेगा तो क्या मछली मारने की बात करेगा। नायक ने कहा कि आपने (शिवराज) बड़ी सौम्यता और सम्मानजनक ढंग से बात की और आपके घर के बाहर निकले तो आपने मुकदमा दर्ज करा दिया। यही आपके दो चेहरे हैं। बाहर का कुछ और अंदर से कुछ और। जब हम मिलने गए तो आपका इतना सौम्य चेहरा था कि आपने खरगोश जैसा सौम्य मुंह बना कर हम लोगों से बड़ी सह्दयता से बात की। यही आपके दो रूप हैं, जो प्रदेश की जनता जान चुकी है। आपके घर के सामने आपके जन्मदिन पर 500 गाडिय़ां रोड पर खड़ी थीं आपने अनुमति ली थी? मुकेश नायक ने कहा कितथाकथित सीहोर वाले संत दस-दस दिन जब रुद्राक्ष बांटते हैं तो ट्रेफिक जाम होता है। आठ-दस घंटे तक लोग, बच्चे, महिलाएं सडक़ों पर खड़े रहते हैं। उन्होंने अनुमति ली थी? उनकी कांवड़ यात्रा में दस लोग मर गए उन पर मुकदमा दायर नहीं किया आपने?
शिवराज ने सिर्फ लोगों का फायदा उठाया
मुकेश नायक ने कहा कि हम लोगों ने आपके ऊपर बहुत रिसर्च किया है। आपसे ज्यादा किसी नेता ने इस मप्र का लाभ नहीं उठाया। आपने किसी की मदद नहीं की। विदिशा, बुधनी में पूछ लें तो चार लोगों की आपने मदद नहीं की। आप सिर्फ लोगों से मदद लेते हैं आप स्वार्थी आदमी हैं आपका चेहरा अलग और हृदय अलग है। मुकेश नायक ने कहा किसान ने एक बोरा सोयाबीन बोया और फसल कटी तो 50 किलो निकला। किसान खुद शिवराज सिंह से कह रहा था हमने 18 हजार का बीज लिया और हमारा सोयाबीन 11 हजार का बिका। हम मजदूरी तक नहीं दे पा रहे। हम उस रोते हुए किसान की समस्या लेकर आपके पास गए थे। और आप इतने वर्षों तक मुख्यमंत्री रहने के बाद कृषि मंत्री हैं। आपके पास नहीं जाएंगे तो कहां जाएंगे। आप कहते हैं बिना अनुमति के आ गए, आप इतने बड़े राजा और महाराजा हो गए कि दुखी और पीडि़त आदमी को आपसे मिलने के लिए अनुमति लेना पड़ेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *