
बेलखेड़ा के सुंदरादेही में वारदात, पुलिस बल तैनात
जबलपुर। बेलखेड़ा थाना अंतर्गत सुंदरादेही में दुर्गा पंडाल में हसिया लेकर जा रहे एक युवक को रोकने पर युवक ने हसिये से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी| इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और तनाव पूर्ण स्थिति बन गई| घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया| घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सुंदरादेही निवासी 26 वर्षीय रविंद्र सिंह लोधी खेरमाई मंदिर में दर्शन करने जा रहा था उसी दौरान आरोपी बिरजू उर्फ बृजेश लोधी ने उसे हसिया लेकर जाने से रोका, इसी बात को लेकर हुए विवाद पर हसिया से उसकी हत्या कर दी| बताया गया है कि आरोपी बिरजू उर्फ बृजेश लोधी खेत से काम करके लौट रहा था तभी किसी बात को लेकर दोनों के बीच वाद विवाद शुरू हो गया जहां आरोपी बिरजू उर्फ बृजेश ने हसिया से रविंद्र पर हमला कर दिया, फिर आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया, घायल युवक को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जबलपुर के मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रविंद्र सिंह की मौत हो चुकी थी|
बताया जा रहा है कि रविंद्र सिंह की हत्या के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। हालात को देखते हुए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
