Spread the love

आरोपियों के पास से 8 बकरे, एक कार और दो बाइक जब्त
बालाघाट। हट्टा थाना पुलिस ने बकरा चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। बकरा चोरी के मामले में पुलिस ने चार नाबालिग सहित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी का बकरा खरीदने वाले खरीददार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में एक आरोपी अभी भी फरार है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 बकरे, एक कार और दो बाइक को जब्त किया है।
हट्टा थाना पुलिस ने बताया कि लालबर्रा थाना क्षेत्र के बेहरई के मशीनटोला निवासी विशेष कोटांगले अपने बड़े भाई विनय कोटांगले और चार नाबालिगों के साथ बकरा-बकरी को चोरी करने का कार्य पिछले 5-6 माह से कर रहे थे। जो चोरी के बकरे बालाघाट बूढी निवासी इब्बू पठान उर्फ शेख ईब्राहिम पिता शेख हुसैन को बेच देते थे। आरोपियों ने अभी तक करीब तीन लाख रुपए के बकरों की बिक्री कर चुके हैं। इस प्रकरण में पुलिस ने चार नाबालिग सहित विशेष कोटांगले और इब्बू पठान को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि विनय कोटांगले फरार चल रहा है। आरोपी किराए व स्वयं की कार से बकरा चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि आरोपी विनय कोटांगले बालाघाट में ट्रेवल्स एजेंसी पर चालक का काम करता था। जिसका लाभ उठाकर वह ट्रेवल्स एजेंसी की कार किराए पर लेकर क्षेत्र में घुमकर अपने भाई विशेष कोटांगले और चार नाबालिगोंं के साथ बकरा चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी किए गए बकरे को इब्बू पठान को बेच देते थे। इब्बू पठान बकरों को काटकर मटन के तौर पर ग्राहकों को बेचता था।
पुलिस ने बताया कि 12 अक्टूबर की रात्रि में गायखुरी के पास दो बाइक में सवार चार युवकों द्वारा तीन बकरों को ले जाते हुए ग्रामीणों ने पकड़ा था। जिसमें मौके से तीन युवक बाइक लेकर भागने में सफल हो गए। एक युवक को ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया। जिसने पूछताछ में ग्राम नाहरवानी से बकरा चोरी किए जाने की बात स्वीकार की है। जिसके आधार पर पुलिस ने आगे की कार्यवाही की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने थाना हट्टा, किरनापुर क्षेत्र में भी बकरा चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इसके अलावा लामता थाना क्षेत्र से एक बाइक की चोरी की है, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *