
बालाघाट के साथ सिवनी और गोंदिया जिले के जुआरियों पर कसा जा रहा शिकंजा
बालाघाट। कोतवाली बालाघाट के मालखाना में चोरी मामले में 19 अक्टूबर को तीन आरोपियों की रिमांड खत्म हो गई। तीनों ही आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो आरोपियों को जेल पहुंचा दिया गया। जबकि एक आरोपी को एक दिन की रिमांड पर पुन: लिया गया है। वहीं इस मामले का मुख्य आरोपी प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे की रिमांड अवधि 20 अक्टूबर को खत्म होगी।
जानकारी के अनुसार कोतवाली के मालखाना में मई 2024 से 9 अक्टूबर 2025 तक विभिन्न अपराधों से संबंधित जब्त मशुरका में 55 लाख 13 हजार 100 रुपए नगदी और जेवरातों की चोरी हो गई थी। यह चोरी मालखाना प्रभारी प्रधान आरक्षक राजीव पंद्रे ने की थी। राजीव पंद्रे मालखाना से चोरी किए गए रुपए को जुएं में हार गया था। इस मामले में राजीव पंद्रे के खिलाफ थाना कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया। पुलिस ने अभी तक इस मामले में राजीव पंद्रे से 40 लाख रुपए नगद, एक ज्वेलर्स की दुकान से 140 ग्राम सोने के जेवरात जब्त कर चुकी है।
मुख्य आरोपी राजीव पंद्रे के बयानों के आधार पर पुलिस ने सिवनी जिले में जुआ खिलाने वाले विवेक श्रीवास्तव उर्फ लाला को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बालाघाट से ऋतुराज मोहारे और हेमराज रनगिरे को गिरफ्तार किया। सभी चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया था। जिसमें से विवेक श्रीवास्तव, ऋतुराज मोहारे और हेमराज रनगिरे की रिमांड अवधि 19 अक्टूबर को समाप्त हो गई। तीनों ही आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से ऋतुराज मोहारे और हेमराज रनगिरे को जेल भेज दिया गया। जबकि विवेक श्रीवास्तव को एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। आरोपी राजीव पंद्रे और विवेक श्रीवास्तव की रिमांड अवधि 20 अक्टूबर को समाप्त हो जाएगी, जिन्हें 21 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मालखाना से चोरी की रकम के बराबर राशि जब्त
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने मालखाना से चोरी गई नगद राशि 55 लाख 13 हजार 100 रुपए के बराबर की राशि को बरामद कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे शो नहीं किया है। इतना ही नहीं इसकी अधिकारिक रुप से पुष्टि भी नहीं की है। बताया गया है कि मुख्य आरोपी राजीव पंद्रे से पुलिस ने पहले ही 40 लाख रुपए बरामद कर लिए थे। उसके बयानों के आधार पर नगर के एक ज्वेलर्स की दुकान से करीब 140 ग्राम के सोने के जेवरातों को बरामद किया है। इसके अलावा सिवनी में जुआ फड लगाने वाले गिरफ्तार आरोपी विवेक श्रीवास्तव उर्फ लाला के पास से पुलिस ने 15 लाख रुपए बरामद किए हैं। लेकिन पूरी राशि की बरामदगी शो नहीं की गई है।
कुछेक जुआरियों की और हो सकती है गिरफ्तारी
इस मामले में कुछेक जुआरियों की और गिरफ्तारी हो सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिसिया पूछताछ में विवेक श्रीवास्तव उर्फ लाला ने सिवनी के ही एक और जुआ फड लगाने वाले का नाम बताया है। इसके अलावा गोंदिया जिले के भी जुआरियों के नाम सामने आए हैं। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस शीघ्र ही इन लोगों को गिरफ्तार कर सकती है।
एसपी ने की प्रकरण में समीक्षा
एसपी आदित्य मिश्रा इस प्रकरण में निगरानी रखे हुए है। उन्होंनेे शनिवार और रविवार को इस प्रकरण में अब तक की गई कार्यवाही के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बताया गया है कि आरोपियों ने पूछताछ में कौन-कौन सी जानकारियां दी, पुलिस ने कहां-कहां कार्यवाही की, कितनी राशि जब्त हुई, आगे कार्यवाही की योजना सहित ऐसे अन्य जानकारियों के बारे में एसपी ने विवेचक से पूछताछ की।
