Spread the love

डिंडोरी। धनतेरस के शुभ अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल डिंडोरी में ‘बिटिया जन्मोत्सव’ का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के जन्म को उत्सव की तरह मनाना और समाज में सकारात्मक संदेश देना रहा।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने जिला अस्पताल में जन्मी 20 नवजात कन्याओं को ‘बिटिया उत्सव किट’ प्रदान की। इस किट में लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना से जुड़ी जानकारी-पुस्तिकाएं, बेबी केयर सामग्री, खिलौने, कपड़े, मिठाइयां, तौलिया तथा माताओं के लिए पौष्टिक सोंठ के लड्डू शामिल थे।

कलेक्टर ने कहा — “बिटिया का जन्म उत्सव की तरह मनाया जाना चाहिए, क्योंकि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे हैं। समाज की प्रगति बेटियों के सशक्तिकरण से ही संभव है।” इस अवसर पर एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मरावी, डॉ. रमेश मरावी, सिविल सर्जन डॉ. अजय राज सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने माताओं से अपील की कि वे अपनी बेटियों को अच्छे स्वास्थ्य और शिक्षा के अवसर अवश्य प्रदान करें — प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है।इसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया और इमरजेंसी वार्ड, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई, आईसीयू, ओपीडी, एक्स-रे, दवा वितरण केंद्र, ब्लड बैंक तथा पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण कर स्वच्छता, रोशनी व्यवस्था और मरीजों के समय पर उपचार के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *