Spread the love

वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम कटंगझरी का मामला
बालाघाट। वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम कटंगझरी में संदिग्ध अवस्था में पति-पत्नी का शव खेत में बने कुएं में मिला है। घटना बुधवार के रात्रि की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बरामद किया। गुुरुवार को शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया।
जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत कटंगझरी निवासी नंदकिशोर बाहेश्वर 42 वर्ष और उनकी पत्नी श्यामा बाहेश्वर 37 वर्ष अपने पुत्र के साथ खेत में बुधवार की शाम करीब 4.30 बजे तिल्ली काटने के लिए गए थे। किसान दंपत्ति द्वारा तिल्ली की फसल के दो गठ्ठे काटकर पुत्र सुशांत बाहेश्वर 15 वर्ष को बाइक से घर छोडकऱ आने के लिए कहा। सुशांत तिल्ली के गठ्ठे को छोडकऱ जब खेत लौटा तो उसके माता-पिता नजर नहीं आए। उनकी खोजबीन करने और आवाज लगाने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने पास के मकान वालों को इसकी जानकारी दी। कुछ लोगों ने खेत में आकर उनकी खोजबीन की। फिर भी किसान दंपत्ति कहीं भी नजर नहीं आए। इसी बीच कुछ लोगों को खेत में स्थित बिना जगत के कुएं के पास दोनों पति पत्नि की चप्पल दिखाई दी । कुएं में गल डाल कर देखा गया तो पहले पत्नी श्यामा बाहेश्वर का शव बाहर आया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुन: गल डाला तो पति नंदकिशोर बाहेश्वर का शव बाहर आया। ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुएं के बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बरामद किया। गुरुवार को शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि पत्नी कुएं में पानी लेने के लिए गई होगी, कुएं में जगत नहीं होने के चलते पैर फिसलने से वह गिर गई होगी। जिसे बचाने के लिए पति ने भी कुएं छलांग लगाई होगी। जिसके कारण दोनों की मौत हो गई।
घटना की वजह नहीं हो पाई स्पष्ट
किसान दंपत्ति का शव कुएं में मिलने के मामले में अभी कोई भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और ग्रामीण तरह-तरह की संभावना जता रहे हैं। किसान दंपत्ति ने कुएं में कूदकर आत्महत्या की है या फिर दोनों हादसे का शिकार हो गए हैं, यह जांच में ही स्पष्ट हो पाएगा। या फिर पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही इसका खुलासा हो पाएगा। हालांकि, ग्रामीणों ने यह भी संभावना जताई है कि दोनों हादसे का शिकार हो गए हैं। एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में उनकी जान चले गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
कुएं में नहीं है जगत
ग्रामीणों के अनुसार खेत में बने कुएं में जगत नहीं है। जिसके चलते संभावना जताई जा रही है कि रात्रि के समय दोनों पति-पत्नी जा रहे होंगे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। बताया गया है कि कुएं के ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से समतल है। जिसके कारण हादसा होने की संभावना अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *