
अधिक किराया लेने पर शिकायत करने की अपील
बालाघाट। यात्रियों से अधिक किराया लेने के मामले में परिवहन विभाग ने 4 बसों से 35 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। यह कार्यवाही 22 अक्टूबर की शाम को की गई है। इतना ही नहीं परिवहन विभाग ने अधिक किराया लिए जाने के मामले में शिकायत के लिए मोबाइल नंबर भी जारी किए है।
जानकारी के अनुसार 22 अक्टूबर की शाम को जिला परिवहन अधिकारी अनिमेष गढ़पाल अपने अमले के साथ बस स्टैंड पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बसों की आकस्मिक जांच की। जांच के दौरान नंदन ट्रेवल्स की तीन और राहुल ट्रेवल्स की एक बस में यात्रियों से अधिक किराया लिया जाना पाया गया। इस मामले में परिवहन अधिकारी ने चारों बसों से 35 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि अधिक किराया लेेने पर वे तत्काल इसकी शिकायत दर्ज कराएं।
जिला परिवहन अधिकारी अनिमेष गढ़पाल ने बताया कि गोवर्धन पूजन का त्यौहार होने के कारण 22 अक्टूबर को बस स्टैंड में बसों की संख्या भी कम थी। बावजूद इसके जांच के दौरान राहुल ट्रेवल की बस क्रमांक एमपी 70 जेडसी 4053, नंदन ट्रेवल की बस क्रमांक एमपी 22 पी 6001, एपी 22 पी 5101 और एमपी 22 पी 0701 पर कार्यवाही करते हुए जुर्माना वसूला गया है। परिवहन अधिकारी गढ़पाल ने यात्रियों से अपील की है कि अधिक किराया लिए जाने पर प्रमोद कुमार उइके के मोबाइल नं. 9301990393, जितेन्द्र कटरे के मोबाइल नंबर 8871700936 या भूपेंद्र नारनौरे के मोबाइल नंबर 7489530837 पर शिकायत करें । शिकायत प्राप्त होते ही परिवहन विभाग का अमला बस संचालक के विरूद्ध त्वरित कार्यवाही करेगा।
