Spread the love

बरेला के ग्राम बम्हनी में हादसा, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
जबलपुर। बरेला क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही एक महिला की जान पर भारी पड़ गई। गांव में लगे ट्रांसफार्मर की अर्थिंग तार में करंट आने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बम्हनी तिराहा पर चक्काजाम कर दिया और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने कई बार ट्रांसफार्मर के तार नीचे लटकने और जमीन पर पड़े होने की शिकायत की थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। गुरुवार की सुबह एक महिला शौच के लिए निकली थी, तभी वह अर्थिंग की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हुए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी। मौके पर एसडीएम, थाना प्रभारी और बिजली विभाग के अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी।
चार लाख रुपये मुआवजे का आश्वासन
प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मृतका के परिवार को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और यातायात पुनः बहाल हो सका।
सरपंच ने पहले ही की थी शिकायत……..
ग्राम पंचायत बम्हनी की सरपंच वर्षा नीलकमल झारिया ने बताया कि कुछ दिन पहले ही ट्रांसफार्मर के तार जमीन पर पड़े होने की शिकायत उन्होंने बिजली विभाग को दी थी। बावजूद इसके किसी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर समय रहते मरम्मत कर दी जाती, तो यह हादसा नहीं होता।
घंटों नहीं पहुंचे विभागीय अधिकारी……..
ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी कई घंटों बाद मौके पर पहुंचे, जिससे गुस्सा और बढ़ गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने विभागीय कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *